आधी रात को मकान में लगी भीषण आग, तीन घंटे की मशक्कत के बाद पाया काबू

दुर्ग। मोहन नगर थाना क्षेत्र के उरला में रविवार देर रात एक मकान में भीषण आग लगने की घटना सामने आई। आग इतनी तेज थी कि देखते ही देखते पूरे घर को अपनी चपेट में ले लिया। जानकारी के अनुसार, 29 मार्च की रात करीब 1 बजे श्री उदय यादव के निवास में अचानक आग लग गई। घटना की सूचना तत्काल अग्निशमन कार्यालय दुर्ग को दी गई। सूचना मिलते ही दमकल की एक टीम मौके के लिए रवाना की गई।

अग्निशमन दल जब मौके पर पहुंचा तो घर पूरी तरह आग की लपटों में घिरा हुआ था। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए टीम ने तुरंत मोर्चा संभाला और पानी की बौछार कर आग बुझाने का प्रयास शुरू किया। करीब तीन घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका। दमकल कर्मियों की तत्परता और समन्वय के चलते बड़ी घटना टल गई और आसपास के क्षेत्र में आग फैलने से रोक लिया गया। मौके पर किसी प्रकार की जनहानि की सूचना नहीं है।

फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है। इस पूरी कार्रवाई में अग्निशमन दल प्रभारी भगवती बंजारे के नेतृत्व में राजूलाल, कुलेश्वर, उमाशंकर और टीकेश्वर ने अहम भूमिका निभाई। जिला सेनानी एवं जिला अग्निशमन अधिकारी नागेंद्र कुमार सिंह के निर्देशन में टीम ने समय पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रण में लिया, जिससे एक बड़ी अनहोनी टल गई।