हरदोई में भड़का विवाद: श्रीराम पर टिप्पणी के बाद सपा नेता यदुनंदन वर्मा गिरफ्तार, पार्टी से भी बाहर

हरदोई। जिले में उस वक्त माहौल तनावपूर्ण हो गया जब समाजवादी पार्टी के प्रदेश सचिव यदुनंदन लाल वर्मा का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ। वीडियो में वे सार्वजनिक सभा के दौरान भगवान श्रीराम और माता कौशल्या पर कथित आपत्तिजनक टिप्पणी करते नजर आ रहे हैं।

वीडियो सामने आने के बाद हिंदूवादी संगठनों में आक्रोश फैल गया और जिले के विभिन्न स्थानों पर विरोध प्रदर्शन शुरू हो गए। स्थिति को बिगड़ता देख हरपालपुर कोतवाली पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए उप निरीक्षक विजय शुक्ल की शिकायत पर प्राथमिकी दर्ज की और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।

प्रभारी निरीक्षक वीरेंद्र कुमार पंकज ने बताया कि आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे 14 दिन की न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है। हालांकि वायरल वीडियो कब का है, इसकी पुष्टि अभी तक नहीं हो सकी है। इधर, मामले को गंभीरता से लेते हुए समाजवादी पार्टी ने भी कड़ा रुख अपनाया है। जिलाध्यक्ष शराफत अली ने बयान जारी कर कहा कि इस प्रकार की टिप्पणी निंदनीय है और इससे पार्टी की छवि को नुकसान पहुंचा है। उन्होंने बताया कि यदुनंदन लाल वर्मा की प्राथमिक सदस्यता समाप्त कर दी गई है और आगे की कार्रवाई के लिए प्रदेश नेतृत्व को पत्र भेजा गया है।
