दिनदहाड़े युवक को डराया-धमकाया, फिर छीन लिए 3700 रुपये, खुर्सीपार पुलिस ने 19 साल के आरोपी को दबोचा

दिनदहाड़े युवक को डराया-धमकाया, फिर छीन लिए 3700 रुपये, खुर्सीपार पुलिस ने 19 साल के आरोपी को दबोचा

भिलाई। दिनदहाड़े रास्ते में रोककर डराया-धमकाया और फिर जेब में रखी नगदी पर हाथ साफ कर दिया! खुर्सीपार थाना क्षेत्र के वार्ड क्रमांक 26 में छिनाझपटी की इस वारदात ने इलाके में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े कर दिए। घटना 6 नवंबर 2026 की है, जब एक युवक से 3,700 रुपये छीन लिए गए थे। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू की। आखिरकार छह दिन की पतासाजी के बाद खुर्सीपार पुलिस ने 19 वर्षीय आरोपी याकूब को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने उसके कब्जे से छीनी गई पूरी रकम भी बरामद कर ली है।

11 बजे हुई थी वारदात

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 6 नवंबर को प्रार्थी रामलाल निवासी खुर्सीपार ने थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई थी। उसने बताया कि उसी दिन सुबह लगभग 11 बजे आरोपी ने उसे डराया-धमकाया और उसके पास रखे 3,700 रुपये छीनकर फरार हो गया।

शिकायत मिलते ही खुर्सीपार पुलिस ने अपराध क्रमांक 509/2026, धारा 304(2) भारतीय न्याय संहिता (BNS) के तहत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की।

मुखबिर की सूचना पर आरोपी गिरफ्तार

मामले की जांच के दौरान पुलिस टीम ने मुखबिरों को सक्रिय किया और स्थानीय स्तर पर लगातार पतासाजी की। तकनीकी साक्ष्यों एवं प्राप्त सूचनाओं के आधार पर आरोपी की पहचान की गई। इसके बाद 12 नवंबर 2026 को पुलिस ने याकूब को गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तार आरोपी की पहचान याकूब (लगभग 19 वर्ष), निवासी परशुराम चौक, थाना खुर्सीपार, जिला दुर्ग के रूप में हुई है।

पूरी रकम 3700 रुपये बरामद

पुलिस ने आरोपी के कब्जे से छिनाझपटी की गई पूरी नगदी रकम 3,700 रुपये गवाहों के समक्ष जप्त की। गिरफ्तारी के बाद आरोपी को विधिवत न्यायालय में पेश किया गया, जहां से न्यायिक रिमांड प्राप्त होने पर उसे जेल भेज दिया गया।