सूने मकान में चोरी का खुलासा: 2 आरोपी गिरफ्तार, पूरा सामान बरामद

भिलाई। दुर्ग जिले के छावनी थाना क्षेत्र में सूने मकान में हुई चोरी की घटना का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। इस मामले में 2 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है, जबकि एक अपचारी बालक को भी हिरासत में लिया गया है।

मामला श्याम नगर, तेलगू मोहल्ला, कैम्प-02 भिलाई का है, जहां प्रार्थिया यू. येल्लमा अपने परिवार के साथ बाहर गई हुई थीं। इसी दौरान आरोपियों ने घर का ताला तोड़कर एलईडी टीवी, होम थिएटर, सोने-चांदी के आभूषण समेत अन्य सामान चोरी कर लिया।

पीड़िता की शिकायत पर थाना छावनी पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। इसके बाद ACCU टीम के साथ मिलकर संदेहियों की तलाश की गई। मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने दो आरोपियों विवेक मिश्रा और एस. जगन को पकड़कर पूछताछ की, जिसमें उन्होंने चोरी की वारदात कबूल कर ली।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी गया पूरा सामान, जिसमें टीवी, होम थिएटर और अन्य घरेलू सामान शामिल हैं, बरामद कर लिया है। जब्त सामग्री की कुल कीमत करीब 45 हजार रुपये बताई जा रही है। पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने आर्थिक लाभ के लिए सूने मकान को निशाना बनाया था। फिलहाल, सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
आरोपी का विवरण :
1. विवेक मिश्रा, उम्र 20 वर्ष, निवासी शास्त्री नगर कैम्प-01 भिलाई
2. एस. जगन, उम्र 19 वर्ष, निवासी सुंदर नगर कैम्प-01 भिलाई
3. एक अपचारी बालक
