दुर्ग में अफीम नेटवर्क पर बड़ा प्रहार: डोडा चूरा, नकदी और वाहन के साथ एक और आरोपी गिरफ्तार, अब तक 8 पकड़े गए

दुर्ग में अफीम नेटवर्क पर बड़ा प्रहार: डोडा चूरा, नकदी और वाहन के साथ एक और आरोपी गिरफ्तार, अब तक 8 पकड़े गए

दुर्ग। अवैध अफीम खेती और तस्करी के खिलाफ दुर्ग पुलिस की कार्रवाई लगातार तेज होती जा रही है। इसी कड़ी में पुलगांव थाना क्षेत्र में एक और आरोपी को गिरफ्तार किया गया है, जिससे पूरे नेटवर्क की परतें खुलती जा रही हैं।

यह मामला ग्राम समोदा–झेनझरी में अवैध अफीम खेती से जुड़ा है, जहां अब तक कुल 8 आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है। पुलिस ने इस मामले में पहले ही कई आरोपियों को पकड़कर बड़ी मात्रा में मादक पदार्थ और नगदी बरामद की थी।

ताजा कार्रवाई में पुलिस ने सुखराम बिश्नोई नाम के आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी के पास से 670 ग्राम डोडा चूरा, 18 हजार 540 रुपये नकद और एक डस्टर वाहन बरामद किया गया है। जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी डोडा चूरा की खरीद-फरोख्त में सक्रिय था और इस पूरे नेटवर्क से जुड़ा हुआ था।

पुलिस को यह सुराग पहले गिरफ्तार आरोपी के मेमोरेंडम बयान से मिला, जिसके बाद टीम ने सिलोदा क्षेत्र में घेराबंदी कर कार्रवाई की। कार्रवाई के दौरान आरोपी के वाहन की ड्राइवर सीट के नीचे से डोडा चूरा बरामद किया गया।

इसके साथ ही एक इलेक्ट्रॉनिक तराजू, मोबाइल फोन और वाहन के दस्तावेज भी जब्त किए गए हैं। इससे पहले की कार्रवाई में भी पुलिस ने ढाबा से 42 हजार रुपये और डोडा चूरी की बिक्री का खुलासा किया था, जिससे साफ है कि यह एक संगठित तस्करी नेटवर्क है।

फिलहाल NDPS एक्ट के तहत सख्त कार्रवाई करते हुए पूरे मामले की विस्तृत जांच जारी है और इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश की जा रही है।

आरोपी का नाम :

1. सुखराम बिश्नोई, ग्राम पिलवा निवासी राजस्थान