कुम्हारी में अफीम सप्लाई नेटवर्क का खुलासा, दो और आरोपी गिरफ्तार

दुर्ग। नशे के खिलाफ लगातार कार्रवाई करते हुए दुर्ग पुलिस ने एक बार फिर बड़ी सफलता हासिल की है। अफीम तस्करी के मामले में फरार सप्लायर सहित दो और आरोपियों को गिरफ्तार कर पूरे नेटवर्क का खुलासा किया गया है।

दरअसल, 17 मार्च को कुम्हारी थाना क्षेत्र के खारुन ग्रीन कॉलोनी से पुलिस ने आरोपी गुरमेल सिंह को 403 ग्राम अफीम और करीब 14 लाख 46 हजार रुपये के साथ गिरफ्तार किया था। इस कार्रवाई के बाद पुलिस लगातार मामले की गहराई से जांच कर रही थी।

जांच के दौरान मोबाइल कॉल डिटेल रिकॉर्ड यानी CDR और बैंक ट्रांजेक्शन का विश्लेषण किया गया। यहीं से पुलिस को अफीम सप्लाई नेटवर्क के अन्य सदस्यों की जानकारी मिली।

23 मार्च को पुलिस ने इस मामले में दो और आरोपियों शिवप्रसाद कुमार साहू और रेशम सिंह उर्फ पप्पू पाजी को गिरफ्तार कर लिया। दोनों आरोपियों के पास से 11 ग्राम अफीम और मोबाइल फोन भी जब्त किए गए हैं।
पुलिस के मुताबिक, आरोपी अवैध लाभ कमाने के उद्देश्य से अफीम की तस्करी और बिक्री में शामिल थे।
फिलहाल NDPS एक्ट के तहत पूरे मामले की विस्तृत विवेचना जारी है और इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश भी की जा रही है।
आरोपी का नाम :
1. शिवप्रसाद कुमार साहू, उम्र 26 वर्ष, निवासी लांजी, थाना गुमला, झारखंड
2. रेशम सिंह उर्फ पप्पू पाजी, उम्र 60 वर्ष, निवासी टाटीबंद हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी, भारतमाता स्कूल के पास, रायपुर
