भाजपा नेता की बेरहमी से हत्या, मॉर्निंग वॉक के दौरान 50-60 बार चाकू से हमला

भाजपा नेता की बेरहमी से हत्या, मॉर्निंग वॉक के दौरान 50-60 बार चाकू से हमला

उत्तर प्रदेश के गोरखपुर में मंगलवार सुबह एक भाजपा नेता की निर्मम हत्या से इलाके में सनसनी फैल गई। मॉर्निंग वॉक पर निकले भाजपा नेता राजकुमार चौहान पर अज्ञात हमलावरों ने चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।

घटना बरगदवा इलाके की है, जो चिलुआताल थाना क्षेत्र में आता है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, राजकुमार चौहान रोज की तरह सुबह टहलने निकले थे। इसी दौरान पहले से घात लगाए हमलावरों ने उन पर हमला कर दिया। हमलावरों ने इतनी बेरहमी से हमला किया कि शुरुआती जांच में सामने आया है कि उन पर करीब 50 से 60 बार चाकू से वार किए गए। गंभीर चोटों के कारण उनकी मौके पर ही मौत हो गई।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। वरिष्ठ पुलिस अधिकारी भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर अहम साक्ष्य जुटाए हैं। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस के अनुसार, राजकुमार चौहान भारतीय जनता पार्टी के सक्रिय सदस्य थे और इलाके में उनका अच्छा जनसंपर्क माना जाता था। उनकी हत्या के पीछे राजनीतिक रंजिश की आशंका भी जताई जा रही है। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की गहन जांच कर रही है।