दंतेवाड़ा के कसौली कैंप में होली मिलन कार्यक्रम, विधायक चैत राम अटामी समेत जनप्रतिनिधियों ने लगाया गुलाल

दंतेवाड़ा जिले के कसौली कैंप में होली मिलन कार्यक्रम का आयोजन कैंप प्रभारी घनश्याम सिंह के नेतृत्व में किया गया। इस अवसर पर दंतेवाड़ा विधायक चैत राम अटामी मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष शकुंतला भास्कर, जिला मंडल अध्यक्ष सुदराम भास्कर, सरपंच शैलेश अटामी, उप सरपंच चैत राम भास्कर सहित कई जनप्रतिनिधि, ग्रामीण और पुलिस अधिकारी व जवान मौजूद रहे।

कार्यक्रम की शुरुआत मुख्य अतिथि विधायक चैत राम अटामी के स्वागत से हुई। कैंप प्रभारी घनश्याम सिंह ने उन्हें गुलदस्ता भेंट कर स्वागत किया। इसके बाद सभी अतिथियों ने नारियल का पौधा लगाकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।

कार्यक्रम के दौरान विधायक चैत राम अटामी, कैंप प्रभारी घनश्याम सिंह और सरपंच शैलेश अटामी ने उपस्थित लोगों को गुलाल लगाकर होली की शुभकामनाएं दीं।
कार्यक्रम के समापन पर कैंप प्रभारी घनश्याम सिंह ने सभी अतिथियों, जनप्रतिनिधियों, ग्रामीणों और जवानों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि इस तरह के आयोजनों से पुलिस और आम जनता के बीच बेहतर समन्वय बनता है और पुलिस के प्रति लोगों का विश्वास भी मजबूत होता है।