सोना 1.60 लाख के पार, चांदी 2.67 लाख प्रति किलो; अंतरराष्ट्रीय बाजार में भी तेज उछाल

नई दिल्ली। सर्राफा बाजार में तेजी का सिलसिला जारी है। सोने और चांदी की कीमतों में एक बार फिर जोरदार उछाल दर्ज किया गया है। चांदी 14,530 रुपये की बढ़त के साथ 2.67 लाख रुपये प्रति किलो पर पहुंच गई है। वहीं सोने का भाव 2,680 रुपये चढ़कर 1.60 लाख रुपये प्रति 10 ग्राम के स्तर पर पहुंच गया है।

तेजी सिर्फ घरेलू बाजार तक सीमित नहीं है। अंतरराष्ट्रीय बाजार में भी सोना मजबूत रुख में कारोबार कर रहा है। स्पॉट गोल्ड 5,027.13 डॉलर प्रति औंस पर ट्रेड कर रहा है। कॉमेक्स पर सोने के वायदा भाव में 1.94 फीसदी की बढ़त दर्ज की गई है, जिसके बाद यह 5,179 डॉलर प्रति औंस तक पहुंच गया।

चांदी में भी जबरदस्त तेजी देखने को मिली है। वैश्विक बाजार में 5.42 फीसदी की उछाल के साथ चांदी 86.805 डॉलर प्रति औंस के स्तर पर पहुंच गई है। विशेषज्ञों का मानना है कि वैश्विक आर्थिक अनिश्चितता, निवेशकों की सुरक्षित निवेश की ओर बढ़ती रुचि और डॉलर की चाल जैसे कारक कीमती धातुओं को समर्थन दे रहे हैं। फिलहाल बाजार की नजर अंतरराष्ट्रीय संकेतों और निवेशकों की अगली रणनीति पर टिकी है।