शराब के लिए पैसे नहीं देने पर धारदार हथियार से जानलेवा हमला, दो आरोपी गिरफ्तार

भिलाई। सेक्टर-7 स्थित नेहरू नगर रेलवे फाटक के पास शराब के लिए पैसे नहीं देने पर मारपीट और धारदार हथियार से हमला करने का मामला सामने आया है। दुर्ग पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।

पुलिस के अनुसार 20 फरवरी को प्रार्थी नेहरू नगर से काम कर अपने घर लौट रहा था। रास्ते में दो परिचित युवकों ने उसे रोककर शराब पीने के लिए पैसे मांगे। मना करने पर आरोपियों ने गाली-गलौज करते हुए मारपीट शुरू कर दी। एक आरोपी ने धारदार हथियार से हमला कर जान से मारने की धमकी भी दी। पीड़ित की शिकायत पर भिलाई नगर थाना में धारा 296, 115(2), 351(3), 118(1), 119(1), 3(5) बीएनएस के तहत अपराध दर्ज किया गया।

जांच के दौरान दोनों आरोपियों को चिन्हित कर हिरासत में लिया गया। पूछताछ में उन्होंने वारदात स्वीकार की। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान जीतू सिंह और शुभम, दोनों निवासी सेक्टर-07 भिलाई नगर के रूप में हुई है। पुलिस ने एक धारदार हथियार भी जब्त किया है। दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।