सुपेला पुलिस ने वाहन चोर को किया गिरफ्तार, दो चोरी की मोटरसाइकिलें बरामद

सुपेला और देवकर क्षेत्र से चुराए थे वाहन, आरोपी के खिलाफ पहले भी आर्म्स एक्ट के मामले दर्ज

सुपेला पुलिस ने वाहन चोर को किया गिरफ्तार, दो चोरी की मोटरसाइकिलें बरामद

भिलाई। सुपेला पुलिस ने दोपहिया वाहन चोरी के मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से चोरी की दो मोटरसाइकिलें बरामद की हैं। पुलिस के अनुसार, आरोपी भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में रेकी कर वाहनों को निशाना बनाता था। पूछताछ में उसने सुपेला और देवकर क्षेत्र से मोटरसाइकिल चोरी करने की बात स्वीकार की। आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 11 मई 2026 को बालमुकुंद साहू ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उन्होंने अपनी पैशन प्रो मोटरसाइकिल क्रमांक सीजी 04 सीएन 5711 को सुपेला स्थित महादेव कार प्राइवेट लिमिटेड के सामने खड़ा किया था। वे शोरूम में काम कर रहे थे। दोपहर करीब 1:30 बजे बाहर आने पर मोटरसाइकिल गायब मिली। आसपास तलाश करने के बाद भी वाहन का पता नहीं चलने पर उन्होंने सुपेला थाने में शिकायत दर्ज कराई थी।

मुखबिर की सूचना पर पकड़ा गया आरोपी

वाहन की पतासाजी के दौरान पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि एक व्यक्ति चोरी की मोटरसाइकिल बेचने के लिए ग्राहक तलाश रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस ने घेराबंदी कर संदिग्ध को पकड़ा। पूछताछ में उसकी पहचान इन्द्रजीत सिंह (25 वर्ष), निवासी शारदा पारा, कैंप-01, थाना छावनी, जिला दुर्ग के रूप में हुई। पुलिस के मुताबिक, आरोपी ने आर्थिक तंगी के कारण वाहन चोरी करना स्वीकार किया। उसने बताया कि मई 2026 में सुपेला क्षेत्र में एक दुकान के सामने खड़ी बिना लॉक की पैशन प्रो मोटरसाइकिल चोरी कर घर में छिपा दी थी। इसके अलावा जून 2026 में देवकर स्थित शराब भट्ठी के पास से चाबी लगी टीवीएस अपाचे मोटरसाइकिल चोरी करने की बात भी स्वीकार की।

दो मोटरसाइकिलें बरामद

आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने पैशन प्रो मोटरसाइकिल क्रमांक सीजी 04 सीएन 5711 सहित चोरी की दोनों मोटरसाइकिलें बरामद कीं। पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध थाना सुपेला में अपराध क्रमांक 664/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 303(2) में कार्रवाई की है। पुलिस के अनुसार, आरोपी के विरुद्ध पूर्व में थाना छावनी में आर्म्स एक्ट के तहत भी आपराधिक प्रकरण दर्ज होने की जानकारी मिली है। गिरफ्तारी के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।