भड़काऊ वीडियो पोस्ट करना पड़ा महंगा, छावनी पुलिस ने आरोपी को भेजा रिमांड पर

भड़काऊ वीडियो पोस्ट करना पड़ा महंगा, छावनी पुलिस ने आरोपी को भेजा रिमांड पर

भिलाई। सोशल मीडिया पर धार्मिक भावना आहत करने वाला वीडियो वायरल करने के मामले में छावनी थाना पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 299 और आईटी एक्ट की धारा 67A के तहत मामला दर्ज किया गया है।

पुलिस के मुताबिक 19 फरवरी को प्रार्थी दीपक कुमार कुलकर्णी ने थाना छावनी में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि व्हाट्सएप पर एक वीडियो वायरल हुआ, जिसमें केम्प 01 निवासी नजरूल खान द्वारा हिंदू समाज के खिलाफ आपत्तिजनक और भड़काऊ शब्दों का इस्तेमाल किया गया है।

रिपोर्ट दर्ज होने के बाद पुलिस ने अपराध क्रमांक 102/2026 के तहत प्रकरण पंजीबद्ध कर विवेचना शुरू की। तकनीकी साक्ष्य जुटाए गए, गवाहों के बयान दर्ज किए गए और आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। पूछताछ में आरोपी ने वीडियो प्रसारित करने की बात स्वीकार की। घटना में इस्तेमाल किया गया मोबाइल फोन पुलिस ने जब्त कर लिया है। मामला अजमानतीय होने के कारण 20 फरवरी को आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया।