ट्रैफिक पुलिस का सख्त एक्शन: 13 दिन में 2952 चालान, 1613 बिना हेलमेट, मॉडिफाइड साइलेंसर पर 5 हजार जुर्माना

ट्रैफिक पुलिस का सख्त एक्शन: 13 दिन में 2952 चालान, 1613 बिना हेलमेट, मॉडिफाइड साइलेंसर पर 5 हजार जुर्माना

दुर्ग। यातायात नियम तोड़ने वालों पर अब सीधा और सख्त एक्शन लिया जा रहा है। 1 फरवरी 2026 से यातायात पुलिस ने जिले के पांच प्रमुख चौक-चौराहों पर विशेष वाहन जांच अभियान शुरू किया है।

इन 13 दिनों में कुल 2952 वाहन चालकों पर मोटरयान अधिनियम के तहत चालानी कार्रवाई की गई है। सबसे ज्यादा मामले बिना हेलमेट के सामने आए हैं। 1613 लोगों को ई-चालान जारी किया गया।

यहां साफ दिख रहा है कि नियमों की अनदेखी अब महंगी पड़ रही है। पुलिस हेलमेट, सीट बेल्ट, ट्रिपल सवारी, तेज रफ्तार, गलत दिशा में वाहन चलाना और नो-पार्किंग जैसे मामलों पर खास नजर रख रही है।

चालान के बाद समय पर भुगतान नहीं करने वालों को नोटिस भेजा जा रहा है। अगर इसके बाद भी भुगतान नहीं हुआ तो मामला सीधे न्यायालय में जाएगा।

इसी अभियान के दौरान 14 फरवरी को एक जनशिकायत के आधार पर मॉडिफाइड साइलेंसर लगे बुलेट वाहन को रोका गया। वाहन क्रमांक CG 07 CY 4558 के चालक कमल कुमार रजक के खिलाफ मोटरयान अधिनियम की धारा 182(ए) के तहत 5000 रुपये का चालान किया गया। साइलेंसर जब्त कर लिया गया है।