पारिवारिक विवाद ने लिया खौफनाक मोड़: 66 वर्षीय आरोपी ने बालक पर कुल्हाड़ी से किया हमला, गिरफ्तार

दुर्ग। उतई थाना क्षेत्र के ग्राम जोरातराई में पारिवारिक विवाद के दौरान एक नाबालिग बालक पर धारदार कुल्हाड़ी से हमला किए जाने का मामला सामने आया है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।

घटना 7 फरवरी 2026 की बताई जा रही है। जानकारी के अनुसार बजरंग चौक क्षेत्र में पारिवारिक विवाद के बीच आरोपी परदेशी राम देवांगन (66 वर्ष) ने आवेश में आकर बालक के सिर पर धारदार हथियार से वार कर दिया। हमले में बालक गंभीर रूप से घायल हो गया।
घायल बालक को तुरंत भिलाई के बी.एम. शाह अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज जारी है।

सूचना मिलते ही थाना उतई पुलिस ने अपराध क्रमांक 74/2026 दर्ज कर जांच शुरू की। विवेचना के दौरान आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया। उसके कब्जे से घटना में प्रयुक्त कुल्हाड़ी और घटना के समय पहने गए कपड़े जप्त किए गए हैं।
पुलिस ने आरोपी को न्यायिक अभिरक्षा में भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। मामले के अन्य पहलुओं की भी जांच जारी है।