दुर्ग जिले में नाकाबंदी में बड़ा खुलासा: 6 आरोपी गिरफ्तार, 8 चोरी के मामले सुलझे, ₹7.15 लाख की जप्ती

दुर्ग जिले में नाकाबंदी में बड़ा खुलासा: 6 आरोपी गिरफ्तार, 8 चोरी के मामले सुलझे, ₹7.15 लाख की जप्ती

दुर्ग। जिले में लगातार हो रही चोरी की घटनाओं पर दुर्ग पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पाटन थाना क्षेत्र में संयुक्त नाकाबंदी अभियान के दौरान 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। इनसे पूछताछ में अलग-अलग थाना क्षेत्रों के 8 चोरी के मामलों का खुलासा हुआ है।

पुलिस के अनुसार 8 फरवरी को तकनीकी साक्ष्य, मुखबिर सूचना, सीसीटीवी फुटेज और मोबाइल लोकेशन के आधार पर मठ पुरैना, रायपुर क्षेत्र में घेराबंदी की गई। यहां से तीन मुख्य आरोपियों को पकड़ा गया। पूछताछ में उन्होंने कई गांवों में सुनसान मकानों की रेकी कर चोरी करना स्वीकार किया।

आरोपी दिन में इडली-डोसा बेचने का काम करते थे और रात में सूने मकानों को निशाना बनाते थे। अलग-अलग घटनाओं में सोने-चांदी के जेवरात और नकद रकम चोरी की गई थी।

गिरफ्तार आरोपियों में मनीष अमोरिया, जितेन्द्र गायकवाड़, रवि साहू के अलावा चोरी का माल खरीदने वाले धर्मेन्द्र साहू, उमेश उर्फ पिंटू सोनी और प्रकाश सोनी शामिल हैं। मनीष के खिलाफ पहले से 10 मामले दर्ज हैं।

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से सोने-चांदी के जेवरात, नकद राशि और अन्य सामान सहित कुल 7 लाख 15 हजार 820 रुपये की संपत्ति जप्त की है। प्रकरण में बीएनएस की धाराओं के तहत वैधानिक कार्रवाई जारी है।

दुर्ग पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि घर की सुरक्षा को लेकर सतर्क रहें, संदिग्ध गतिविधियों की जानकारी तुरंत पुलिस को दें और चोरी का माल खरीदने-बेचने से बचें।