48 लाख की फॉरेक्स ट्रेडिंग ठगी में एक और गिरफ्तारी, शिर्डी में ट्रस्ट के नाम पर खुलवाया था बैंक खाता

दुर्ग। फॉरेक्स ट्रेडिंग में निवेश का झांसा देकर 48 लाख से अधिक की ऑनलाइन ठगी करने वाले गिरोह के खिलाफ साइबर थाना दुर्ग की कार्रवाई जारी है। मामले में पुलिस ने एक और आरोपी को गिरफ्तार किया है। इससे पहले आंध्रप्रदेश से दो मुख्य आरोपियों को पकड़ा जा चुका है।

प्रकरण 9 अक्टूबर 2025 को दर्ज हुआ था। शिकायतकर्ता ने बताया था कि इंस्टाग्राम पर फॉरेक्स ट्रेडिंग में निवेश से जुड़े एक लिंक पर क्लिक करने के बाद अलग-अलग किस्तों में कुल 48 लाख 67 हजार 500 रुपये की ठगी की गई। शिकायत पर साइबर थाना दुर्ग में अपराध क्रमांक 08/2025 के तहत बीएनएस की संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।

तकनीकी विश्लेषण और डिजिटल ट्रैकिंग के जरिए पुलिस पहले ही आंध्रप्रदेश के अनकापल्ली जिले से दो आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी थी। आगे की जांच में खुलासा हुआ कि ठगी की रकम अहमदनगर जिला सेंट्रल को-ऑपरेटिव बैंक लिमिटेड में संचालित एक ट्रस्ट के खाते में आरटीजीएस के जरिए ट्रांसफर कराई गई थी।
जांच में सामने आया कि आरोपी ने शिर्डी क्षेत्र में ट्रस्ट के नाम पर बैंक खाता खुलवाया था और उसी खाते में ठगी की रकम मंगवाई जा रही थी। गिरफ्तार आरोपी की पहचान मनोहर लक्ष्मण मोरे (46), निवासी संगनमेयर, जिला अहमदनगर, महाराष्ट्र के रूप में हुई है। पूछताछ में उसने अपराध स्वीकार किया है।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से मोबाइल फोन, बैंक पासबुक और एटीएम कार्ड जब्त किए हैं। आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे केंद्रीय जेल दुर्ग भेज दिया गया है