ऑनलाइन डिलीवरी कैश में गबन: कंपनी सुपरवाइजर पर 1.05 लाख की धोखाधड़ी का केस

ऑनलाइन डिलीवरी कैश में गबन: कंपनी सुपरवाइजर पर 1.05 लाख की धोखाधड़ी का केस

भिलाई। ऑनलाइन सामान वितरण से प्राप्त नकद राशि को बैंक में कम जमा कर गबन करने का मामला सामने आया है। दुर्ग जिले के थाना भिलाई-3 (भिलाई चरोदा क्षेत्र) में कंपनी के सुपरवाइजर के खिलाफ धोखाधड़ी का अपराध दर्ज किया गया है। पुलिस के अनुसार आरोपी ने कंपनी वाउचर और बैंक जमा राशि में हेराफेरी कर 1 लाख 5 हजार 40 रुपये जमा नहीं किए।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, प्रार्थी अशोक कुमार वैष्णव (56 वर्ष), निवासी नया राम मंदिर के पास, भिलाई चरोदा ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि उनकी कंपनी एनटेक्स सर्विसेज प्राइवेट लिमिटेड में कार्यरत सुपरवाइजर जतिन कुमार झा द्वारा ऑनलाइन सामान वितरण से प्राप्त नकद राशि को बैंक में कम जमा किया गया।

वाउचर में 5.21 लाख, बैंक में 3.35 लाख जमा

जांच में सामने आया कि आरोपी द्वारा बैंक में कुल 3,35,715 रुपये जमा किए गए, जबकि कंपनी के वाउचर के अनुसार 5,21,046 रुपये जमा होना था। इस तरह 1,85,351 रुपये की राशि का गबन किया गया।

पुलिस ने बताया कि इसमें से 80,000 रुपये बाद में जमा कर दिए गए, लेकिन शेष 1,05,040 रुपये जमा नहीं किए गए।

आरोपी तलब, पूछताछ के बाद वैधानिक कार्रवाई

मामले में थाना भिलाई-3 में अपराध क्रमांक 72/2026 के तहत धारा 316(D), 318(4) भारतीय न्याय संहिता (BNS) में अपराध पंजीबद्ध किया गया है। आरोपी को तलब कर पूछताछ की गई और आगे की विधिवत वैधानिक कार्रवाई जारी है।

आरोपी का नाम

जतिन कुमार झा (30 वर्ष), निवासी बलदेवबाग वार्ड 15, थाना सिटी कोतवाली, जिला राजनांदगांव।