अतिक्रमण पर चला निगम का बुलडोजर, 30500 रूपये की चालानी कार्रवाई




भिलाई। नगर निगम भिलाई ने जोन-1 और जोन-2 क्षेत्र में अवैध कब्जों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की। निगम आयुक्त के निर्देश पर यह अभियान सुपेला घड़ी चौक से लेकर गदा चौक तक चला। दोनों ओर सड़कों और नालों पर बने अवैध कब्जों को जेसीबी की मदद से तोड़ा गया। कई लोग टाइल्स बिछाकर रखे थे, उसे भी उखाड़ दिया गया।

कार्रवाई शुरू होते ही लक्ष्मी नगर और संडे बाजार इलाके में हड़कंप मच गया। निगम का तोड़फोड़ दस्ता पहुंचते ही कब्जाधारी और सड़क पर दुकान लगाने वाले व्यापारी अपना सामान समेटने लगे। कई लोगों ने निगम की कार्रवाई से पहले ही खुद ही कब्जा हटा लिया।
कार्रवाई प्रातः 10ः30 बजे से दोपहर 2 बजे तक जारी रहा। जोन 1 एवं 2 मिलाकर कुल 90 दुकानों के सामने बांस बल्ली से किए गए अवैध अतिक्रमण को हटाया गया। जोन 02 क्षेत्र के 12 दुकानदारों से सड़क बाधा शुल्क के रूप में 30500 रूपये की चालानी कार्रवाई की गई। 7 दुकान के बाहर नाली के ऊपर किए गए कांक्रिट ढलाई को जेसीबी से तोड़ा गया है।

वार्ड प्रभारी नंद कुमार सिन्हा ने बताया कि अवैध निर्माणों और नालों पर कब्जा हटाने का यह अभियान आयुक्त के निर्देश पर चलाया गया है। जोन-1 से सहायक राजस्व अधिकारी सुनील जोशी, प्रसन्न तिवारी, वार्ड प्रभारी विनोद शुक्ला और जोन-2 से सहायक राजस्व अधिकारी शरद दुबे, जोन स्वास्थ्य अधिकारी अनिल मिश्रा, तोड़फोड़ प्रभारी हीरोम गुप्ता और अंजनी सिंह सहित निगम की पूरी टीम मौके पर मौजूद रही। निगम अधिकारियों ने बताया कि शहर को अतिक्रमण मुक्त बनाने की यह कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी। सड़क और नालों पर कब्जा करने वालों के खिलाफ बिना किसी पूर्व सूचना के कार्रवाई की जाएगी।
