कर्मचारी के साथ दुष्कर्म करने वाला व्यापारी गिरफ्तार

बिलासपुर। सरकंडा पुलिस ने दुष्कर्म के एक गंभीर मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को घटना के 12 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी की पहचान बशीर मेमन उर्फ भाईजान (44 वर्ष) निवासी कुम्हारपारा, राजीव गांधी चौक थाना सिविल लाइन के रूप में हुई है।
जानकारी के अनुसार पीड़िता ने 14 अक्टूबर 2025 को रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि वह आरोपी की दुकान में काम करती थी, जिससे उसकी पहले से जान-पहचान थी। आरोपी ने उसे यह कहकर बुलाया कि वह एक ऐसी महिला से मिलवाएगा जो “उसका जीवन बदल देगी।” इसी बहाने 15 सितंबर 2025 को आरोपी ने उसे श्लोक विहार स्थित एक खाली मकान में ले जाकर दुष्कर्म किया।
विरोध करने पर आरोपी ने पीड़िता के साथ मारपीट और गाली-गलौज की, साथ ही अश्लील फोटो खींचकर सोशल मीडिया पर वायरल करने की धमकी दी। बाद में उसने एक होटल में भी उसके साथ पुनः दुष्कर्म किया। शिकायत दर्ज होते ही पुलिस ने टीम गठित कर आरोपी की तलाश शुरू की और 15 अक्टूबर 2025 को उसे गिरफ्तार कर लिया। आरोपी को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है। पुलिस का कहना है कि महिलाओं से संबंधित अपराधों में त्वरित कार्रवाई और सख्त कदम जारी रहेंगे।