महिला से दुष्कर्म कर फरार चल रहा आरोपी जंगल से गिरफ्तार

बलरामपुर। सामरीपाठ थाना पुलिस ने दुष्कर्म के एक मामले में बड़ी सफलता हासिल की है। महिला के साथ दुष्कर्म कर फरार चल रहे आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
घटना 3 सितंबर की है। पीड़िता ने पुलिस को बताया कि गांव में करमा त्योहार के मौके पर उसका रिश्ते का भतीजा कमलेश नगेसिया उसके घर आया था। वह पहले से ही शराब (हड़िया) के नशे में था और घर पर आकर भी हड़िया पीकर वहीं चटाई पर सो गया। रात करीब 12 बजे जब पीड़िता की नींद खुली तो उसने देखा कि कमलेश उसके साथ गलत काम कर रहा है। शोर मचाने पर पीड़िता के पति ने भी आरोपी को पकड़ने की कोशिश की, लेकिन वह वहां से भाग निकला।
पुलिस ने शिकायत दर्ज कर जांच शुरू की। आरोपी कमलेश नगेसिया घटना के बाद लगातार फरार चल रहा था। मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने घेराबंदी कर उसे उसके खेत के पास जंगल से दबोच लिया। पूछताछ में आरोपी ने अपना जुर्म कबूल किया। थाना प्रभारी विजय प्रताप सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया है।