खाना बनाने को लेकर झगड़ा के बाद पति ने गला दबाकर की पत्नी की हत्या, आरोपी गिरफ्तार

भिलाई। नेवई थाना पुलिस ने घरेलू विवाद के चलते पत्नी की हत्या करने वाले आरोपी पति को कुछ ही घंटों में गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी के खिलाफ धारा 103 (1) bns की कार्रवाई की गई।
मामला थाना नेवई क्षेत्र के एचएससीएल कॉलोनी स्टेशन मरोदा का है। यहां किराए से रह रही दीक्षा दुबे का उसके पति एकल कुमार दुबे उर्फ राजेश से अक्सर घरेलू बातों को लेकर विवाद होता था। पुलिस के मुताबिक, 23 अगस्त की दोपहर करीब 12 बजे फिर से दोनों के बीच खाना बनाने को लेकर झगड़ा हुआ। इस दौरान दीक्षा ने पति के बाल पकड़ लिए, जिसके बाद आरोपी ने गुस्से में आकर पत्नी का गला दबा दिया। इससे उसकी मौके पर ही दम घुटने से मौत हो गई।
घटना की जानकारी मिलते ही नेवई थाना पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू की। 24 अगस्त को आरोपी एकल कुमार दुबे को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर अदालत भेज दिया गया। पुलिस कार्रवाई में थाना प्रभारी उपनिरीक्षक कमलसिंह सेंगर, सउनि रामचंद्र कंवर, प्रधान आरक्षक और अन्य जवानों का सराहनीय योगदान रहा।