दुर्ग में संकल्प अभियान के तहत नशामुक्ति जागरूकता अभियान तेज
बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन, ऑटो स्टैंड और प्रमुख चौक-चौराहों पर लोगों को किया जा रहा जागरूक, LED स्क्रीन पर प्रसारित हो रहे नशामुक्ति संदेश

दुर्ग। नशे के अवैध कारोबार पर अंकुश लगाने और युवाओं को नशे के दुष्परिणामों से बचाने के उद्देश्य से दुर्ग पुलिस द्वारा संचालित ‘संकल्प अभियान - नशा मुक्ति’ के तहत जिलेभर में व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। यातायात पुलिस एवं दुर्ग पुलिस की टीम सार्वजनिक स्थलों पर पहुंचकर बस और ऑटो चालकों सहित आम नागरिकों को नशामुक्ति का संदेश दे रही है।
उमनि एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक दुर्ग के निर्देशानुसार अभियान के तहत दुर्ग बस स्टैंड, दुर्ग रेलवे स्टेशन, पावर हाउस रेलवे स्टेशन, सुपेला, घड़ी चौक, पुलगांव चौक, कुम्हारी, सिरसा गेट, चरोदा और मरोदा सहित जिले के प्रमुख सार्वजनिक एवं आवागमन वाले स्थानों पर जागरूकता गतिविधियां संचालित की जा रही हैं। अभियान के दौरान पोस्टर और प्रचार सामग्री के माध्यम से लोगों को मादक पदार्थों के अवैध कारोबार की पहचान, नशे के दुष्परिणाम तथा इसकी सूचना पुलिस तक पहुंचाने के संबंध में जानकारी दी जा रही है। पुलिस द्वारा बस एवं ऑटो चालकों और आम नागरिकों से अपील की जा रही है कि आसपास नशीले पदार्थों की अवैध बिक्री या कारोबार की जानकारी मिलने पर तत्काल पुलिस को सूचित करें। इसके साथ ही शहर के प्रमुख चौक-चौराहों और मॉल की एलईडी स्क्रीन पर नशामुक्ति संबंधी शॉर्ट वीडियो प्रसारित किए जा रहे हैं, ताकि अधिक से अधिक लोगों तक जागरूकता संदेश पहुंचाया जा सके।
तीन स्तरों पर चल रही कार्ययोजना
दुर्ग पुलिस नशे की समस्या से निपटने के लिए तीन स्तरों पर कार्य कर रही है। पहला, जागरूकता एवं रोकथाम के तहत गांव, वार्ड, शिक्षण संस्थानों, सार्वजनिक स्थलों और परिवारों तक नशामुक्ति का संदेश पहुंचाकर जनभागीदारी बढ़ाई जा रही है। दूसरा, नशीले पदार्थों के अवैध कारोबार में संलिप्त लोगों के खिलाफ प्रभावी पुलिस कार्रवाई की जा रही है। तीसरा, नशे की गिरफ्त में आए व्यक्तियों को उपचार एवं पुनर्वास सुविधाओं से जोड़कर सामान्य सामाजिक जीवन में लौटने के लिए प्रेरित किया जा रहा है।
सूचना और सहायता के लिए हेल्पलाइन
दुर्ग पुलिस ने नशे से संबंधित सूचना एवं सहायता के लिए हेल्पलाइन नंबर भी जारी किए हैं। नागरिक मानस हेल्पलाइन 1933 तथा एएनटीएफ दुर्ग हेल्पलाइन 94791-5151 पर संपर्क कर सकते हैं।