संडे मार्केट और नंदोरी पुल के पास चाकू लेकर घूम रहे दो युवक गिरफ्तार

पुरानी भिलाई पुलिस की दो अलग-अलग स्थानों पर कार्रवाई, बटनदार चाकू बरामद; आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर दोनों को रिमांड पर भेजा

संडे मार्केट और नंदोरी पुल के पास चाकू लेकर घूम रहे दो युवक गिरफ्तार

भिलाई। सार्वजनिक स्थानों पर धारदार हथियार लेकर घूमने और लोगों को डराने-धमकाने की सूचना पर पुरानी भिलाई पुलिस ने दो अलग-अलग स्थानों पर कार्रवाई करते हुए दो युवकों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एक-एक धारदार बटनदार चाकू बरामद कर जब्त किया। दोनों के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत अपराध दर्ज कर उन्हें रिमांड पर भेज दिया गया है।

मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने की कार्रवाई

दुर्ग पुलिस के अनुसार, 26 अक्टूबर 2026 को थाना पुरानी भिलाई पुलिस को सूचना मिली कि संडे मार्केट, चरोदा और ग्राम नंदोरी पुल के पास दो व्यक्ति धारदार बटनदार चाकू लेकर आने-जाने वाले लोगों को डरा-धमका रहे हैं। सूचना मिलने के बाद थाना प्रभारी के निर्देशन में पुलिस टीम ने दोनों स्थानों पर पहुंचकर कार्रवाई की और संदिग्धों को पकड़ लिया।

तलाशी के दौरान दोनों के पास से एक-एक धारदार बटनदार चाकू बरामद हुआ। पुलिस ने दोनों चाकुओं को जब्त कर संबंधित आरोपियों के खिलाफ अलग-अलग अपराध पंजीबद्ध किए।

दोनों आरोपियों के खिलाफ आर्म्स एक्ट में मामला

पुलिस ने आरोपियों की पहचान भोलू बघेल (19), निवासी रामनगर, गोखुल नगर, थाना गुढ़ियारी, जिला रायपुर और अविनाश पोर्ते (18), निवासी आदिवासी नगर, छावनी स्कूल के पास, थाना छावनी, जिला दुर्ग के रूप में की है।

भोलू बघेल के खिलाफ अपराध क्रमांक 611/26 तथा अविनाश पोर्ते के खिलाफ अपराध क्रमांक 612/26 दर्ज किया गया है। दोनों मामलों में आर्म्स एक्ट की धारा 25 और 27 के तहत कार्रवाई की गई है।