साइबर ठगी के लिए म्यूल बैंक खाते उपलब्ध कराने के मामले में एक और आरोपी गिरफ्तार
सुपेला पुलिस की कार्रवाई, 172 बंधन बैंक खातों के इस्तेमाल की जांच; प्रकरण में अब तक 26 आरोपी गिरफ्तार

भिलाई। देश के विभिन्न राज्यों में हुई ऑनलाइन साइबर ठगी की रकम प्राप्त करने के लिए बैंक खातों का इस्तेमाल किए जाने के मामले में सुपेला पुलिस ने एक और आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान मोहन राव (28 वर्ष), निवासी इंदिरा नगर, वार्ड क्रमांक 16, सुपेला के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, आरोपी के बैंक खाते का उपयोग साइबर ठगी की रकम प्राप्त करने के लिए किया गया था। उसे गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है। इस प्रकरण में अब तक कुल 26 आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है।
पुलिस के मुताबिक, गृह मंत्रालय के समन्वय पोर्टल से मिली जानकारी के आधार पर सामने आया था कि देश के अलग-अलग राज्यों में लोगों से की गई ऑनलाइन साइबर ठगी की रकम प्राप्त करने के लिए 172 बंधन बैंक खातों का उपयोग किया गया। इस संबंध में थाना सुपेला में अपराध क्रमांक 679/2026 दर्ज कर जांच शुरू की गई।
बैंक खातों और दस्तावेजों की जांच
विवेचना के दौरान पुलिस ने बैंक कर्मचारियों के बयान दर्ज किए और संबंधित खातों की जानकारी जुटाई। बैंक रिकॉर्ड सहित अन्य उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर खाताधारकों की भूमिका की जांच की गई। इसी दौरान मोहन राव के बैंक खाते का साइबर ठगी की रकम प्राप्त करने में इस्तेमाल किए जाने से संबंधित साक्ष्य मिलने पर उसे गिरफ्तार किया गया।
ठगी की रकम के लेनदेन की जांच जारी
पुलिस के अनुसार, मामले में ऐसे बैंक खातों के इस्तेमाल की जांच की जा रही है, जिनके माध्यम से साइबर ठगी की रकम प्राप्त कर आगे हस्तांतरित किए जाने की आशंका है। खाताधारकों की भूमिका और उपलब्ध बैंक रिकॉर्ड का परीक्षण किया जा रहा है। प्रकरण में पूर्व में 25 आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है। वर्तमान गिरफ्तारी के बाद यह संख्या बढ़कर 26 हो गई है। पुलिस ने बताया कि मामले में अन्य संदिग्धों की पहचान और उनकी भूमिका की जांच जारी है। प्रकरण थाना सुपेला में भारतीय न्याय संहिता की धारा 318(2), 318(3) और 318(4) के तहत दर्ज है।