गांजा बेचने ग्राहक तलाश रहे दो युवक गिरफ्तार, 1.51 किलो गांजा जब्त
स्कूटी और आईफोन समेत 1.50 लाख रुपये की सामग्री जब्त, दोनों आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर भेजने की कार्रवाई

दुर्ग। जिले में मादक पदार्थों की अवैध बिक्री के खिलाफ दुर्ग पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है। इसी कड़ी में सिटी कोतवाली पुलिस ने गंजपारा नदी रोड स्थित नयापारा मोड़ के पास गांजा बेचने के लिए ग्राहकों की तलाश कर रहे दो युवकों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से 1.510 किलोग्राम गांजा, एक स्कूटी और एप्पल आईफोन 11 मोबाइल जब्त किया है। जब्त सामग्री की कुल अनुमानित कीमत 1 लाख 50 हजार 500 रुपये बताई गई है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 9 अक्टूबर 2026 को सिटी कोतवाली दुर्ग पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि गंजपारा नदी रोड के नयापारा मोड़ के पास दो व्यक्ति गांजा लेकर बिक्री के लिए ग्राहकों की तलाश कर रहे हैं। सूचना की तस्दीक के लिए पुलिस टीम मौके पर पहुंची और बताए गए हुलिए के आधार पर घेराबंदी कर दोनों संदिग्धों को पकड़ लिया।
पूछताछ में आरोपियों की पहचान रामकुमार विश्वकर्मा, उम्र 19 वर्ष और हर्ष साहू, उम्र 18 वर्ष, निवासी अंजोरा क्षेत्र, जिला राजनांदगांव के रूप में हुई। तलाशी के दौरान पुलिस ने उनके कब्जे से 1.510 किलोग्राम गांजा बरामद किया, जिसकी अनुमानित कीमत 75 हजार 500 रुपये बताई गई है। इसके अलावा 50 हजार रुपये कीमत की एक स्कूटी और 25 हजार रुपये कीमत का एप्पल आईफोन 11 मोबाइल भी जब्त किया गया।
पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस अधिनियम की धारा 20(ख) के तहत अपराध दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार किया। इसके बाद दोनों को न्यायिक रिमांड के लिए न्यायालय में पेश किया गया। मामले में आगे की विवेचना और साक्ष्य संकलन की कार्रवाई जारी है।