भैंस-भैसों को मारते-पीटते झारखंड ले जा रहे थे, एक आरोपी गिरफ्तार
राजपुर पुलिस ने 5 नग भैंस-भैसा किए बरामद, वध के लिए ले जाने की आशंका; दूसरे आरोपी की तलाश जारी

बलरामपुर। राजपुर थाना क्षेत्र में पशुओं को क्रूरतापूर्वक मारते-पीटते हुए अवैध रूप से झारखंड ले जाने के मामले में पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने घटना से संबंधित 5 नग भैंस-भैसा भी बरामद कर अपने कब्जे में लिए हैं। मामले में अन्य आवश्यक वैधानिक कार्रवाई और विवेचना जारी है।
पुलिस के मुताबिक, 6 अक्टूबर 2026 को ग्राम कर्रा से सूचना मिली थी कि दो व्यक्ति 5 नग भैंस-भैसा को मारते-पीटते और हांकते हुए कटिंग/वध के लिए झारखंड की ओर ले जा रहे हैं। सूचना मिलते ही राजपुर पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए आरोपियों की तलाश शुरू की और पशुओं को सुरक्षित बरामद किया। प्रार्थी के लिखित आवेदन और उपलब्ध तथ्यों के आधार पर थाना राजपुर में अपराध क्रमांक 250/2026 दर्ज कर जांच शुरू की गई। प्रकरण में छत्तीसगढ़ कृषक पशु परिरक्षण अधिनियम, 2004 की धारा 4, 6, 10, पशुओं के प्रति क्रूरता का निवारण अधिनियम 1960 की धारा 11(1)(घ) तथा धारा 3(5) बीएनएस के तहत कार्रवाई की गई है।
विवेचना के दौरान मिले साक्ष्यों और आरोपी के कथन के आधार पर पुलिस ने नंदलाल यादव (21), निवासी ग्राम बरबसपुर, पोस्ट करमी, थाना प्रतापपुर, जिला सूरजपुर की संलिप्तता पाई। इसके बाद पुलिस ने उसे विधिवत गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने घटना से संबंधित कुल 5 नग भैंस-भैसा को वजह सबूत के रूप में जब्त कर पुलिस कब्जे में लिया है। मामले में पुलिस अन्य आरोपी की भूमिका समेत पूरे प्रकरण की जांच कर रही है।
