जुनवानी में चिट्टा-हेरोइन बेचने ग्राहक तलाश रहा युवक गिरफ्तार

10.51 ग्राम मादक पदार्थ और 50 हजार का मोबाइल जब्त, कुल 2.60 लाख रुपये की मशरूका बरामद

जुनवानी में चिट्टा-हेरोइन बेचने ग्राहक तलाश रहा युवक गिरफ्तार

भिलाई। नशे के खिलाफ दुर्ग पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है। इसी कड़ी में सुपेला थाना क्षेत्र की स्मृतिनगर चौकी पुलिस ने जुनवानी इलाके में चिट्टा/हेरोइन बेचने के लिए ग्राहक तलाश रहे एक युवक को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से 10.51 ग्राम चिट्टा/हेरोइन और घटना में प्रयुक्त एप्पल मोबाइल फोन बरामद किया गया। जब्त सामग्री की कुल कीमत 2 लाख 60 हजार 200 रुपये बताई गई है।

पुलिस के अनुसार, 5 अक्टूबर 2026 को स्मृतिनगर चौकी पुलिस को सूचना मिली थी कि जुनवानी से खम्हरिया की ओर एक व्यक्ति अवैध रूप से चिट्टा/हेरोइन बेचने के उद्देश्य से ग्राहक तलाश रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने जुनवानी क्षेत्र में तत्काल घेराबंदी कर कार्रवाई की। मौके से पकड़े गए संदिग्ध ने पूछताछ में अपना नाम मोहम्मद मोनिस अंसारी (23), निवासी महमूदनगर सरवट मोहल्ला, मुजफ्फरनगर, उत्तरप्रदेश, हाल मुकाम चौहान ग्रीनवैली, जुनवानी बताया। पुलिस ने विधिवत तलाशी ली तो उसके कब्जे से 10.51 ग्राम चिट्टा/हेरोइन, जिसकी अनुमानित कीमत 2 लाख 10 हजार 200 रुपये है, बरामद हुई। इसके अलावा घटना में प्रयुक्त एप्पल कंपनी का मोबाइल फोन, जिसकी कीमत करीब 50 हजार रुपये बताई गई है, भी जब्त किया गया। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ अपराध क्रमांक 1494/2026 के तहत धारा 21(ख) एनडीपीएस एक्ट में मामला दर्ज किया। आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड के लिए न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया गया।

पुलिस के मुताबिक, आरोपी मादक पदार्थ की बिक्री कर आर्थिक लाभ कमाने के उद्देश्य से संभावित ग्राहकों की तलाश कर रहा था। दुर्ग पुलिस द्वारा नशे के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत आगे भी इस तरह की कार्रवाई जारी रखने की बात कही गई है।

जब्त सामग्री

  • 10.51 ग्राम चिट्टा/हेरोइन: ₹2,10,200
  • एप्पल मोबाइल फोन: ₹50,000
  • कुल जब्त मशरूका: ₹2,60,200