राइस मिल में युवती पर धारदार हथियार से हमला, पुलिस ने चाकू किया बरामद; आरोपी जेल भेजा गया

धमतरी। कुरुद थाना क्षेत्र में राइस मिल में एक युवती पर चाकू से जानलेवा हमला करने के मामले में पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी ने युवती की पीठ, कमर, हाथ और सिर पर धारदार हथियार से वार कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया था।
पुलिस के अनुसार घटना 2 अक्टूबर को करीब 11:30 बजे की है। घायल युवती अनीता मडावी को तत्काल शासकीय अस्पताल कुरुद ले जाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे बेहतर उपचार के लिए निजी अस्पताल धमतरी रेफर किया गया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए कुरुद पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए अपराध क्रमांक 327/2026 के तहत धारा 333, 109 बीएनएस में मामला दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस टीम ने घेराबंदी कर आरोपी को हिरासत में लिया। उसके कब्जे से घटना में इस्तेमाल चाकू बरामद किया गया।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान दुलेश्वर टंडन (25 वर्ष), पिता लक्ष्मी प्रसाद टंडन, निवासी भाठागांव, थाना कुरुद, जिला धमतरी के रूप में हुई है।
पूछताछ और आवश्यक वैधानिक कार्रवाई के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से न्यायालय के आदेश पर उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
धमतरी पुलिस ने बताया कि आपराधिक गतिविधियों और चाकूबाजी की घटनाओं पर लगातार निगरानी रखी जा रही है और ऐसे मामलों में त्वरित एवं सख्त वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
