1.953 किलो गांजा के साथ आरोपी गिरफ्तार, 1 लाख कीमत का मादक पदार्थ और ₹700 नकद बरामद

1.953 किलो गांजा के साथ आरोपी गिरफ्तार, 1 लाख कीमत का मादक पदार्थ और ₹700 नकद बरामद

दुर्ग। थाना मोहन नगर पुलिस ने अवैध मादक पदार्थों की बिक्री के खिलाफ कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने कैलाश नगर स्थित सूर्या होटल के पीछे माल धक्का के पास घेराबंदी कर गांजा बेचने के आरोप में तामेश्वर यादव उर्फ भोक्कू (25) को पकड़ा।

पुलिस के मुताबिक, 23 सितंबर 2026 को मुखबिर से सूचना मिली थी कि कैलाश नगर, सूर्या होटल के पीछे माल धक्का के पास एक व्यक्ति अवैध रूप से गांजा बेच रहा है। सूचना मिलते ही मोहन नगर पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और घेराबंदी कर संदिग्ध को पकड़ लिया।

पकड़े गए आरोपी की पहचान तामेश्वर यादव उर्फ भोक्कू, पिता बलराम यादव, उम्र 25 वर्ष, निवासी वार्ड क्रमांक 25, ग्रीन चौक बस्ती, पेट्रोल पंप के पीछे, मोहन नगर, दुर्ग के रूप में हुई।

21 पुड़ियों में रखा था गांजा

पुलिस के अनुसार, तलाशी के दौरान आरोपी के पास मौजूद पीले रंग के 'सुमीत बाजार' लिखे थैले के अंदर बैंगनी पॉलीथीन में खुला गांजा और 21 नग एयरटाइट झिल्ली में गांजा की पुड़ियां मिलीं। बरामद गांजे का कुल वजन 1.953 किलोग्राम बताया गया है, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 1 लाख रुपए है।

इसके अलावा पुलिस ने गांजा बिक्री से प्राप्त ₹700 नकद भी बरामद किए। पुलिस के अनुसार, प्रारंभिक पूछताछ और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आरोपी गांजा बेचकर आर्थिक लाभ अर्जित करने की गतिविधि में संलिप्त पाया गया।

NDPS एक्ट के तहत मामला दर्ज

मामले में थाना मोहन नगर में अपराध क्रमांक 0692/2026 दर्ज किया गया है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ NDPS एक्ट की धारा 20(b) एवं 27(a) के तहत वैधानिक कार्रवाई की है। गिरफ्तार आरोपी को न्यायिक रिमांड के लिए न्यायालय के समक्ष पेश किया गया।