19 साल पुराने मामले का आरोपी सऊदी अरब से लौटा, RPF ने किया गिरफ्तार

16 साल से सऊदी अरब में रह रहा था फरार आरोपी, वारंट तामील अभियान के तहत आरपीएफ दुर्ग की कार्रवाई

19 साल पुराने मामले का आरोपी सऊदी अरब से लौटा, RPF ने किया गिरफ्तार

दुर्ग। रेलवे से जुड़े पुराने मामलों में फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए आरपीएफ दुर्ग का वारंट तामील अभियान जारी है। अभियान के तहत आरपीएफ ने 19 साल पुराने मामले में फरार आरोपी को सऊदी अरब से भारत बुलाकर गिरफ्तार किया है। आरोपी करीब 16 वर्षों से सऊदी अरब में रह रहा था और लंबे समय से आरपीएफ की पकड़ से बाहर था।

2007 में दर्ज हुआ था मामला

आरपीएफ अधिकारियों के अनुसार गिरफ्तार आरोपी की पहचान समीम खान, निवासी वीर नारायण नगर, भिलाई के रूप में हुई है। उसका स्थायी पता निजामपुर, जिला सिवान, बिहार बताया गया है। समीम खान के खिलाफ वर्ष 2007 में विशेष रेलवे न्यायालय रायपुर में रेलवे संपत्ति अवैध कब्जा अधिनियम की धारा 3(अ) के तहत मामला दर्ज किया गया था। मामले में न्यायालय ने वर्ष 2012 में उसके खिलाफ स्थायी गिरफ्तारी वारंट जारी किया था। इसके बाद से आरपीएफ उसकी तलाश कर रही थी।

परिवार से मिली सऊदी अरब में होने की जानकारी

वारंट तामील अभियान के दौरान आरपीएफ दुर्ग की टीम ने पुराने मामले की दोबारा जांच शुरू की। टीम आरोपी के स्थायी पते निजामपुर, बिहार पहुंची। टीम में सहायक उप निरीक्षक निरंजन, प्रधान आरक्षक बी. राजोरिया और आरक्षक एसआर मीना शामिल थे। परिवार से पूछताछ में पता चला कि समीम खान वर्ष 2010 से सऊदी अरब में रहकर काम कर रहा है। इसके बाद आरपीएफ ने उसके परिवार के माध्यम से आरोपी से संपर्क स्थापित किया।

समझाइश के बाद भारत लौटा आरोपी

आरपीएफ अधिकारियों ने आरोपी को भारत लौटकर कानूनी प्रक्रिया में शामिल होने और न्यायालय के समक्ष सरेंडर करने के लिए समझाया। आरपीएफ के प्रयासों के बाद समीम खान सऊदी अरब से भारत लौटा और आरपीएफ पोस्ट दुर्ग पहुंचकर आत्मसमर्पण किया। अधिकारियों के मुताबिक, आरोपी ने वारंट में दर्ज नाम और पता अपना ही होना स्वीकार किया। इसके बाद नियमानुसार उसे गिरफ्तार कर विशेष रेलवे न्यायालय रायपुर के समक्ष पेश किया गया।

11 साल पुराने मामले में ओडिशा से भी गिरफ्तारी

आरपीएफ दुर्ग ने एक अन्य पुराने मामले में भी फरार आरोपी को गिरफ्तार किया है। 20 अगस्त को रेलवे संपत्ति चोरी से जुड़े करीब 11 साल पुराने मामले में फरार आरोपी को ओडिशा के केंदुझर से गिरफ्तार किया गया। आरोपी को न्यायालय के समक्ष पेश किया गया।

पुराने मामलों पर भी आरपीएफ की नजर

आरपीएफ अधिकारियों का कहना है कि रेलवे संपत्ति से जुड़े मामलों में फरार आरोपियों की तलाश लगातार की जा रही है। पुराने मामलों को प्राथमिकता के साथ दोबारा खंगालकर वारंट की तामील और आरोपियों की गिरफ्तारी की कार्रवाई की जा रही है।