QR रजिस्ट्रेशन पोर्टल लॉन्च, एक सप्ताह में सभी ऑटो का रजिस्ट्रेशन कराने यातायात पुलिस चलाएगी विशेष अभियान

भिलाई। जिले में ऑटो और ई-रिक्शा की पहचान अब डिजिटल तरीके से होगी। यातायात पुलिस दुर्ग ने ऑटो एवं ई-रिक्शा में QR कोड लगाने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। पुलिस कंट्रोल रूम सेक्टर-6 में उप महानिरीक्षक/वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक दुर्ग ने ऑटो रजिस्ट्रेशन पोर्टल का शुभारंभ किया।
रजिस्ट्रेशन पूरा होने के बाद प्रत्येक ऑटो और ई-रिक्शा को एक विशेष QR कोड उपलब्ध कराया जाएगा। इस QR कोड के माध्यम से वाहन और चालक से जुड़ी आवश्यक जानकारी पुलिस के पास सुरक्षित रहेगी। किसी घटना या आपात स्थिति में QR कोड के जरिए वाहन और चालक की पहचान करने में पुलिस को मदद मिलेगी।
छत्तीसगढ़ का तीसरा जिला बनेगा दुर्ग
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने बताया कि QR कोड के माध्यम से ऑटो को डिजिटल रूप से रजिस्टर करने वाला दुर्ग छत्तीसगढ़ का तीसरा जिला बनेगा। इस व्यवस्था का उद्देश्य ऑटो चालकों के साथ-साथ ऑटो में सफर करने वाले आम नागरिकों की सुरक्षा को मजबूत करना है। पुलिस के मुताबिक ऑटो चालक और वाहन से संबंधित आवश्यक जानकारी डिजिटल रिकॉर्ड में सुरक्षित रहेगी। इससे किसी आपराधिक घटना, विवाद या आपात स्थिति में पुलिस को संबंधित वाहन की पहचान और कार्रवाई में सहायता मिल सकेगी।
एक सप्ताह में शत-प्रतिशत रजिस्ट्रेशन का लक्ष्य
यातायात पुलिस दुर्ग ने जिले के सभी ऑटो और ई-रिक्शा का रजिस्ट्रेशन पूरा कराने के लिए एक सप्ताह का विशेष अभियान शुरू करने की घोषणा की है। पुलिस ने सभी ऑटो चालकों से अनिवार्य रूप से अपना रजिस्ट्रेशन कराने और अभियान को सफल बनाने में सहयोग करने की अपील की है। कार्यक्रम में जनहित फाउंडेशन के ऋषभ सोनी और लॉयन्स क्लब के पदाधिकारी भी मौजूद रहे।
