BSP में लोको पायलट की नौकरी का झांसा, 5.30 लाख की ठगी; आरोपी गिरफ्तार

दुर्ग। भिलाई स्टील प्लांट यानी BSP में लोको पायलट की नौकरी दिलाने का झांसा देकर 5 लाख 30 हजार रुपए की ठगी करने के मामले में उतई पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी पर शिकायतकर्ता समेत करीब 10 से 15 लोगों को नौकरी दिलाने का भरोसा देकर रकम लेने का आरोप है।
पुलिस के मुताबिक, तालपुरी भिलाई नगर निवासी 39 वर्षीय दीपक कुमार देवदास ने 8 अगस्त को थाना उतई में लिखित शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि चन्द्रप्रकाश साहू, उम्र 26 वर्ष, ने खुद को BSP में नौकरी लगवाने में सक्षम बताते हुए उन्हें लोको पायलट की नौकरी दिलाने का भरोसा दिया। आरोपी ने नौकरी लगाने के नाम पर शिकायतकर्ता से 5 लाख 30 हजार रुपए लिए। इसके अलावा उसने अन्य 10 से 15 लोगों को भी नौकरी दिलाने का भरोसा देकर अपने विश्वास में लिया था। लेकिन जब नौकरी नहीं लगी और शिकायतकर्ता ने अपनी रकम वापस मांगी तो आरोपी कथित तौर पर लगातार टालमटोल करता रहा। इसके बाद मामले की शिकायत पुलिस से की गई।
शिकायत के बाद पुलिस ने दबोचा
शिकायत की जांच के बाद उतई पुलिस ने अपराध क्रमांक 416/2026 दर्ज किया। आरोपी के खिलाफ BNS की धारा 318(2) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। पुलिस टीम ने आरोपी की तलाश शुरू की और उसके संभावित ठिकानों पर दबिश दी। कार्रवाई के दौरान 9 अगस्त को चन्द्रप्रकाश साहू को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने आरोपी का बैंक खाता और मोबाइल फोन जब्त किया है। इनसे लेनदेन और मामले से जुड़े अन्य तथ्यों की जांच की जा रही है।
10 से 15 लोगों को भी बनाया निशाना?
पुलिस के मुताबिक, आरोपी ने सिर्फ एक व्यक्ति को नहीं, बल्कि 10 से 15 अन्य लोगों को भी BSP में नौकरी दिलाने का झांसा देकर विश्वास में लिया था। अब पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि इन लोगों से भी रकम ली गई थी या नहीं और इस ठगी में आरोपी के साथ कोई अन्य व्यक्ति शामिल था या नहीं। आरोपी को गिरफ्तार कर विधिसम्मत कार्रवाई के बाद न्यायालय में पेश किया गया।

