अवैध शराब पर पुलिस का शिकंजा, 7 आरोपी गिरफ्तार; 209 पौवा शराब और वाहन जब्त

दुर्ग। जिले में अवैध शराब के खिलाफ दुर्ग पुलिस ने एक साथ बड़ी कार्रवाई की है। पुलगांव, नंदिनी नगर, पुरानी भिलाई, उतई, पाटन, कुम्हारी और खुर्सीपार थाना क्षेत्रों में अलग-अलग कार्रवाई करते हुए पुलिस ने 7 आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के मुताबिक, 9 और 10 अगस्त को मुखबिर से मिली सूचनाओं के आधार पर संबंधित थाना क्षेत्रों में टीमों ने घेराबंदी कर रेड कार्रवाई की। इस दौरान आरोपियों के कब्जे से कुल 209 पौवा देशी और अंग्रेजी शराब बरामद की गई। शराब के अलावा बिक्री की नगद रकम और परिवहन में इस्तेमाल किए जा रहे एक सवारी ऑटो और एक दोपहिया वाहन को भी जब्त किया गया है।
पुलगांव पुलिस ने कोलिहापुरी तालाब पार सब्जी मार्केट के पास से सनत यादव को 30 पौवा देशी शराब के साथ पकड़ा। नंदिनी नगर पुलिस ने पावर हाउस-अहिवारा मेन रोड पर विवेकानंद गार्डन के पास पंकज कुमार लहरी को 31 पौवा गोवा स्पेशल व्हिस्की के साथ गिरफ्तार किया। उसके पास से शराब के अलावा एक सवारी ऑटो भी जब्त किया गया। पुरानी भिलाई पुलिस ने सोमनी नाला रोड तिराहा क्षेत्र से उत्तम गायकवाड को 30 पौवा देशी शराब के साथ पकड़ा। उतई पुलिस ने बावापारा क्षेत्र से मृणाल ठाकुर को 41 पौवा देशी शराब और बिक्री रकम के साथ गिरफ्तार किया। पाटन पुलिस ने सिकोला रोड स्थित हमसफर ढाबा के पास राज पारधी को 30 पौवा देशी शराब के साथ पकड़ा। उसके पास से शराब के साथ TVS XL दोपहिया वाहन भी जब्त किया गया। कुम्हारी पुलिस ने ग्राम परसदा में राजीव भवन के पास हुमेश साहू को 30 पौवा देशी शराब के साथ गिरफ्तार किया। वहीं खुर्सीपार पुलिस ने उडिया बस्ती नाला किनारे से 75 वर्षीय संत बहादुर को 30 पौवा देशी शराब और बिक्री रकम के साथ पकड़ा।
शराब के अवैध कारोबार पर कार्रवाई
पुलिस के अनुसार आरोपी अधिक मुनाफा कमाने के उद्देश्य से शराब को निर्धारित मात्रा से अधिक अपने पास रखकर अवैध रूप से बिक्री या बिक्री के लिए परिवहन कर रहे थे। मुखबिर से सूचना मिलने के बाद पुलिस टीमों ने तत्काल कार्रवाई करते हुए आरोपियों को पकड़ा। सभी मामलों में धारा 34(2) आबकारी अधिनियम के तहत अपराध दर्ज कर आरोपियों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की गई है। गिरफ्तार आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया। दुर्ग पुलिस की इस संयुक्त कार्रवाई में 209 पौवा शराब की जब्ती के साथ दो वाहन भी पकड़े गए हैं। पुलिस का कहना है कि जिले में अवैध शराब की बिक्री और परिवहन के खिलाफ कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।
