निगम और पुलिस का बड़ा एक्शन: नेहरू नगर से मौर्या टॉकीज तक हटीं अवैध गुमटियां, सड़क किनारे खड़े वाहनों पर कार्रवाई

भिलाई नगर निगम और पुलिस ने नेहरू नगर चौक से मौर्या टॉकीज मार्ग तक संयुक्त अभियान चलाकर अवैध पार्किंग और सड़क किनारे लगी गुमटियों को हटाया। निगम ने अतिक्रमण और नियम तोड़ने वालों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रखने की चेतावनी दी।

निगम और पुलिस का बड़ा एक्शन: नेहरू नगर से मौर्या टॉकीज तक हटीं अवैध गुमटियां, सड़क किनारे खड़े वाहनों पर कार्रवाई

भिलाई। शहर की बिगड़ती यातायात व्यवस्था को सुधारने और सड़कों को अतिक्रमण मुक्त बनाने के लिए मंगलवार को नगर पालिक निगम भिलाई और पुलिस विभाग ने संयुक्त अभियान चलाया। इस दौरान नेहरू नगर चौक गुरुद्वारा से मौर्या टॉकीज मार्ग तक सड़क किनारे अवैध रूप से खड़े वाहनों और अवैध गुमटियों पर कार्रवाई की गई।

संयुक्त टीम सुबह से ही मौके पर पहुंची और सड़क पर कब्जा कर यातायात में बाधा बन रहे वाहनों को हटवाया। इसके साथ ही सड़क किनारे अवैध रूप से रखी गई गुमटियों और अस्थायी कब्जों को भी हटाया गया। कार्रवाई के दौरान अधिकारियों ने लोगों को समझाइश देते हुए भविष्य में दोबारा अतिक्रमण नहीं करने की चेतावनी भी दी।

नगर निगम के अधिकारियों ने कहा कि सार्वजनिक सड़कों पर अवैध पार्किंग और अतिक्रमण के कारण रोजाना जाम की स्थिति बनती है। इससे न केवल यातायात प्रभावित होता है बल्कि आम नागरिकों, स्कूली बच्चों और आपातकालीन सेवाओं को भी परेशानी का सामना करना पड़ता है। इसी वजह से निगम और पुलिस ने संयुक्त रूप से यह अभियान चलाया। कार्रवाई के दौरान कई वाहन चालकों को सड़क पर वाहन खड़े नहीं करने की हिदायत दी गई। वहीं जिन गुमटियों और अस्थायी ढांचों से मार्ग संकरा हो रहा था, उन्हें हटाया गया ताकि सड़क पूरी तरह यातायात के लिए उपलब्ध हो सके। निगम प्रशासन ने स्पष्ट किया कि शहर में अतिक्रमण के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा। नियमों का उल्लंघन करने वाले लोगों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी और आवश्यकता पड़ने पर जुर्माना भी लगाया जाएगा।

प्रशासन ने व्यापारियों और आम नागरिकों से अपील की है कि वे सार्वजनिक मार्गों पर अतिक्रमण न करें और अपने वाहन केवल निर्धारित पार्किंग स्थलों पर ही खड़े करें। इससे शहर की यातायात व्यवस्था सुचारु बनी रहेगी और दुर्घटनाओं की संभावना भी कम होगी। भिलाई नगर निगम का कहना है कि शहर को व्यवस्थित और सुरक्षित बनाने के लिए ऐसे अभियान नियमित रूप से चलाए जाएंगे, ताकि सड़कें अतिक्रमण मुक्त रहें और लोगों को आवागमन में किसी प्रकार की परेशानी न हो।