नशे में ट्रक दौड़ाकर भाग रहा था चालक, पुलिस ने नेहरू नगर चौक पर घेरकर पकड़ा

नशे में ट्रक दौड़ाकर भाग रहा था चालक, पुलिस ने नेहरू नगर चौक पर घेरकर पकड़ा

दुर्ग। दुर्ग यातायात पुलिस की हाईवे पेट्रोलिंग टीम की सतर्कता से सोमवार देर रात एक बड़ा सड़क हादसा टल गया। राष्ट्रीय राजमार्ग पर तेज रफ्तार और लापरवाही से ट्रक चला रहे चालक को पुलिस ने पीछा कर नेहरू नगर चौक पर पकड़ लिया। जांच में चालक शराब के नशे में पाया गया, जिसके बाद उसके खिलाफ मोटरयान अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई।

पुलिस के अनुसार, 2 अगस्त की रात करीब 12:36 बजे हाईवे पेट्रोलिंग-03 की टीम राष्ट्रीय राजमार्ग पर नियमित गश्त कर रही थी। इसी दौरान सिरसा गेट चौक के पास एक ट्रक तेज रफ्तार में लहराते हुए चलता दिखाई दिया। ट्रक की खतरनाक ड्राइविंग से अन्य वाहन चालकों और राहगीरों की जान जोखिम में पड़ रही थी।

पेट्रोलिंग टीम ने ट्रक को रोकने का प्रयास किया, लेकिन चालक ने पुलिस के संकेतों की अनदेखी करते हुए ट्रक लेकर भागने की कोशिश की। इसके बाद वायरलेस के माध्यम से अन्य पेट्रोलिंग टीमों को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही हाईवे पेट्रोलिंग-02 ने नेहरू नगर चौक पर नाकाबंदी कर ट्रक को सुरक्षित तरीके से रोक लिया और चालक को हिरासत में ले लिया।

यातायात मुख्यालय में उप निरीक्षक दरबारी राम की मौजूदगी में चालक का ब्रीथ एनालाइजर टेस्ट किया गया। जांच में चालक के शरीर में 424 एमएल अल्कोहल पाया गया। इसके बाद उसके खिलाफ मोटरयान अधिनियम, 1988 की धारा 185 के तहत वैधानिक कार्रवाई करते हुए मामला न्यायालय में प्रस्तुत किया गया।

दुर्ग यातायात पुलिस ने कहा कि सड़क सुरक्षा को लेकर विशेष अभियान लगातार जारी है। शराब या किसी भी नशीले पदार्थ का सेवन कर वाहन चलाने वालों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने सभी वाहन चालकों से अपील की है कि नशे की हालत में वाहन चलाकर अपनी और दूसरों की जान जोखिम में न डालें।