हाईटेंशन टावर पार्ट्स चोरी का खुलासा, 5 आरोपी गिरफ्तार, वाहन समेत चोरी का माल बरामद

दुर्ग। उतई थाना पुलिस ने हाईटेंशन टावर के पार्ट्स चोरी के मामले का सफल खुलासा करते हुए पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से करीब 35 हजार रुपये मूल्य के चोरी गए हाईटेंशन टावर के पार्ट्स और घटना में प्रयुक्त छोटा हाथी वाहन (CG 07 DF 2224) भी जब्त किया है। सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक रिमांड पर केंद्रीय जेल दुर्ग भेज दिया गया।
पुलिस के अनुसार, अभियंत्री इंटरप्राइजेस प्राइवेट लिमिटेड के साइट इंचार्ज नितीश कुमार सिन्हा ने 1 अगस्त को थाना उतई में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि ग्राम डुण्डेरा स्थित कंपनी के अस्थायी स्टोर से 29 जुलाई की रात अज्ञात चोर हाईटेंशन टावर निर्माण में उपयोग होने वाले ब्रसिंग एंगल और ज्वाइंट हैंगर फिटिंग चोरी कर ले गए थे। चोरी गए सामान की कीमत करीब 35 हजार रुपये आंकी गई थी।
मामला दर्ज होने के बाद उतई पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी साक्ष्यों तथा मुखबिर की सूचना के आधार पर आरोपियों की पहचान कर उन्हें हिरासत में लिया। पूछताछ में आरोपियों ने छोटा हाथी वाहन से चोरी की वारदात को अंजाम देना स्वीकार किया। उन्होंने चोरी की सामग्री कबाड़ी को बेचने की बात भी कबूल की, जिसके बाद पुलिस ने चोरी गया सामान बरामद कर लिया।
गिरफ्तार आरोपियों में विक्रम सिंह (23), बिट्टू यादव (27), नेग सिंह (32), नरेन्द्र कुमार (30) और मनोज उर्फ मन्नु गुप्ता (40) शामिल हैं। सभी आरोपी दुर्ग जिले के विभिन्न क्षेत्रों के निवासी हैं।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक मोहन भारद्वाज, प्रधान आरक्षक मनीष थापा तथा थाना उतई की पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
दुर्ग पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि किसी भी संदिग्ध व्यक्ति या गतिविधि की सूचना तत्काल निकटतम थाना, पुलिस कंट्रोल रूम या डायल-112 पर दें। सूचना देने वाले की पहचान गोपनीय रखी जाएगी।
आरोपी का नाम :
1. विक्रम सिंह, उम्र 23 वर्ष, निवासी मकान क्रमांक 201, शर्मा आश्रम रोड, वार्ड 46, खुर्सीपार, जिला दुर्ग।
2. बिट्टू यादव, उम्र 27 वर्ष, निवासी मकान क्रमांक 77, शिवाजी नगर, सेक्टर-11, खुर्सीपार, जिला दुर्ग।
3. नेग सिंह, उम्र 32 वर्ष, निवासी शिवाजी नगर, चन्द्रमा चौक, खुर्सीपार, जिला दुर्ग।
4. नरेन्द्र कुमार, उम्र 30 वर्ष, निवासी मकान क्रमांक 132, वार्ड 51, शिवाजी नगर, चन्द्रमा चौक, खुर्सीपार, जिला दुर्ग।
5. मनोज उर्फ मन्नु गुप्ता, उम्र 40 वर्ष, निवासी महात्मा गांधी नगर, पावर हाउस, थाना छावनी, जिला दुर्ग।
