पत्रिका पुलिस जज्बा अवार्ड-2026 में धमतरी पुलिस का जलवा, चार अधिकारी-कर्मचारी राज्य स्तर पर सम्मानित

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय और डीजीपी अरुण देव गौतम ने किया सम्मानित, अनुशासन, ट्रैफिक, अनुसंधान और साइबर क्राइम में उत्कृष्ट कार्य का मिला सम्मान

पत्रिका पुलिस जज्बा अवार्ड-2026 में धमतरी पुलिस का जलवा, चार अधिकारी-कर्मचारी राज्य स्तर पर सम्मानित

रायपुर/धमतरी। प्रतिष्ठित पत्रिका पुलिस जज्बा अवार्ड-2026 समारोह में धमतरी पुलिस ने शानदार प्रदर्शन करते हुए राज्य स्तर पर अपनी अलग पहचान बनाई। जिले के चार अधिकारी-कर्मचारियों को अनुशासन, यातायात प्रबंधन, अनुसंधान और साइबर अपराध नियंत्रण के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य के लिए सम्मानित किया गया। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय और पुलिस महानिदेशक अरुण देव गौतम ने उन्हें प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया।

धमतरी जिले से सहायक उपनिरीक्षक रामावतार सिंह राजपूत ने अनुशासन श्रेणी में प्रथम स्थान प्राप्त किया। सेवाकाल के दौरान अनुशासित कार्यशैली, निष्ठा और 218 बार पुरस्कृत होने के आधार पर उन्हें यह सम्मान मिला।

उप निरीक्षक खेमराज साहू ने ट्रैफिक मैनेजमेंट श्रेणी में प्रथम स्थान हासिल किया। वीआईपी ड्यूटी, धार्मिक आयोजनों और बड़े कार्यक्रमों के दौरान उत्कृष्ट यातायात व्यवस्था, 21,417 चालानी कार्रवाई तथा सड़क दुर्घटना में घायलों को समय पर अस्पताल पहुंचाने जैसे कार्यों के लिए उन्हें सम्मानित किया गया।

अनुसंधान (इन्वेस्टिगेशन) श्रेणी में सहायक उपनिरीक्षक राधेश्याम बंजारे को द्वितीय स्थान मिला। गंभीर आपराधिक मामलों की प्रभावी विवेचना कर आरोपियों को सजा दिलाने और गुणवत्तापूर्ण अनुसंधान के लिए उन्हें सम्मान मिला।

वहीं आरक्षक कमल जोशी को साइबर क्राइम श्रेणी में तृतीय स्थान प्राप्त हुआ। साइबर अपराधों की तकनीकी जांच, डिजिटल साक्ष्य जुटाने और अपराधियों तक पहुंच बनाने में उनके योगदान को राज्य स्तर पर सराहा गया।

पुलिस अधीक्षक श्रीमती भावना पाण्डेय ने इस उपलब्धि पर सभी सम्मानित अधिकारी-कर्मचारियों को बधाई देते हुए कहा कि यह पूरे धमतरी पुलिस परिवार के लिए गर्व का विषय है। उन्होंने कहा कि यह सम्मान सभी पुलिसकर्मियों को और अधिक समर्पण, ईमानदारी और जनसेवा की भावना के साथ कार्य करने के लिए प्रेरित करेगा। साथ ही धमतरी पुलिस भविष्य में भी उत्कृष्ट पुलिसिंग के नए आयाम स्थापित करती रहेगी।