दुर्ग में नो पार्किंग पर सख्ती, दो दिन में 217 वाहनों का ई-चालान; हाईवे से शहर तक चला अभियान
दुर्ग यातायात पुलिस ने नो पार्किंग के खिलाफ विशेष अभियान चलाकर दो दिनों में 217 दोपहिया, चारपहिया और भारी वाहनों का ई-चालान किया। हाईवे से शहर के प्रमुख मार्गों तक कार्रवाई जारी है।

दुर्ग। जिले में यातायात व्यवस्था को सुरक्षित और जाम मुक्त बनाने के लिए यातायात पुलिस ने नो पार्किंग में खड़े वाहनों के खिलाफ विशेष अभियान तेज कर दिया है। पिछले दो दिनों में 217 दोपहिया, चारपहिया और भारी वाहनों का ई-चालान किया गया। साथ ही सड़क किनारे अवैध रूप से खड़े वाहनों को हटाकर यातायात सुचारु कराया गया।
अभियान के तहत राष्ट्रीय राजमार्ग पर गुरुद्वारा चौक से कुम्हारी टोल प्लाजा तक नो पार्किंग में खड़े वाहनों पर सघन कार्रवाई की गई। पुलिस ने चालान करने के साथ वाहनों को तत्काल हटवाया, ताकि यातायात बाधित न हो।
इसके अलावा सुपेला, चंद्रा-मौर्या चौक, पावर हाउस, डबरापारा और कुम्हारी ओवरब्रिज के नीचे नो पार्किंग में खड़े वाहनों के खिलाफ भी लगातार कार्रवाई की जा रही है। पुलिस के अनुसार इन स्थानों पर अवैध पार्किंग अक्सर जाम और सड़क दुर्घटनाओं की वजह बनती है।
यातायात पुलिस ने बताया कि पिछले दो दिनों में कुल 217 वाहनों पर मोटरयान अधिनियम के तहत चालानी कार्रवाई की गई है। अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा और नियमों का उल्लंघन करने वालों पर सख्त कार्रवाई होगी।
कार्रवाई के दौरान सड़क पर यातायात में बाधा बनने वाले ठेले, अवैध अतिक्रमण, गैरेज और सड़क किनारे वाहन मरम्मत करने वाले मैकेनिकों को भी हटाया गया। संबंधित संचालकों को सार्वजनिक मार्गों पर अतिक्रमण या व्यवसाय संचालित नहीं करने की समझाइश दी गई।
यातायात पुलिस ने नागरिकों और व्यापारियों से अपील की है कि वे केवल निर्धारित पार्किंग स्थलों का उपयोग करें तथा सड़क और फुटपाथ पर किसी भी प्रकार का अतिक्रमण न करें। पुलिस का कहना है कि नागरिकों के सहयोग से ही सुरक्षित, व्यवस्थित और जाम मुक्त यातायात व्यवस्था सुनिश्चित की जा सकती है।
