पशु तस्करी का भंडाफोड़, 45 गोवंश के साथ चार आरोपी गिरफ्तार

पशु तस्करी का भंडाफोड़, 45 गोवंश के साथ चार आरोपी गिरफ्तार

नारायणपुर। जिले में अवैध गोवंश परिवहन के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत धौड़ाई थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 45 गोवंश और परिवहन में प्रयुक्त वाहन जब्त किया है। इस मामले में चार आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया है।

पुलिस के अनुसार, 23 जुलाई 2026 को मिली सूचना के आधार पर धौड़ाई पुलिस ने कार्रवाई की। जांच में सामने आया कि आरोपी कांकेर जिले के ग्राम बोरोंडी से गोवंश खरीदकर बिना वैध दस्तावेज और पशु परिवहन संबंधी नियमों का पालन किए बाजार में बिक्री के उद्देश्य से ले जा रहे थे। पुलिस ने मौके पर दबिश देकर 45 गोवंश और परिवहन में प्रयुक्त वाहन जब्त कर लिया।

इस मामले में थाना धौड़ाई में अपराध क्रमांक 04/2026 दर्ज किया गया है। आरोपियों के खिलाफ पशु क्रूरता निवारण अधिनियम, 1960 की धारा 11(1)(घ) तथा छत्तीसगढ़ कृषि पशु परिरक्षण अधिनियम, 2004 की धारा 4 और 6 के तहत मामला दर्ज कर विवेचना की जा रही है।

गिरफ्तार आरोपियों में रामू राम सलाम (57), रूपजी सलाम (42), सुकुराम कोर्राम (41) और आसमन नेताम (26) शामिल हैं। सभी आरोपी ग्राम सुलेंगा, थाना धौड़ाई, जिला नारायणपुर के निवासी हैं। चारों को 24 जुलाई 2026 को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया।

पुलिस अधीक्षक संदीप कुमार पटेल ने कहा कि नारायणपुर पुलिस अवैध गोवंश परिवहन, पशु क्रूरता और अन्य गैरकानूनी गतिविधियों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति पर काम कर रही है। कानून का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।