EOW की दबिश, 2004 के लोक कला जत्था घोटाले में अनिल मेडिकल पर छापा

धमतरी। धमतरी शहर में शुक्रवार सुबह आर्थिक अपराध अन्वेषण ब्यूरो (EOW) की कार्रवाई से हड़कंप मच गया। EOW की टीम ने नया बस स्टैंड के पास स्थित अनिल मेडिकल में अचानक छापेमारी कर घंटों तक दस्तावेजों की जांच की और संचालकों से पूछताछ की। कार्रवाई के बाद टीम कई महत्वपूर्ण दस्तावेज अपने साथ लेकर रवाना हुई।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, यह कार्रवाई वर्ष 2004 के कथित लोक कला जत्था वित्तीय अनियमितता मामले से जुड़ी जांच के तहत की गई है। जांच एजेंसी को इस प्रकरण में अनिल मेडिकल से जुड़े वित्तीय लेनदेन और अन्य दस्तावेजों के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी मिलने के बाद छापेमारी की गई।
बताया जा रहा है कि छत्तीसगढ़ में लोक कला जत्था योजनाओं और सांस्कृतिक कार्यक्रमों के संचालन के नाम पर करोड़ों रुपये की वित्तीय अनियमितताओं के आरोपों की जांच लंबे समय से चल रही है। इसी जांच के दौरान अनिल मेडिकल की कथित भूमिका सामने आने पर EOW ने यह कार्रवाई की।
रणनीति के तहत EOW की टीम तड़के सुबह मेडिकल स्टोर पहुंची और पूरे परिसर को अपने कब्जे में लेकर दस्तावेजों की गहन जांच शुरू की। अधिकारियों ने कई घंटे तक रिकॉर्ड खंगाले और संबंधित लोगों से पूछताछ की।
कार्रवाई पूरी होने के बाद EOW की टीम कई महत्वपूर्ण फाइलें और दस्तावेज जब्त कर अपने साथ ले गई। माना जा रहा है कि इन दस्तावेजों के आधार पर जांच एजेंसी लोक कला जत्था मामले से जुड़े वित्तीय लेनदेन और अन्य पहलुओं की आगे जांच करेगी।
फिलहाल EOW ने मामले में आधिकारिक रूप से विस्तृत जानकारी साझा नहीं की है। जब्त किए गए दस्तावेजों की जांच जारी है और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जा सकती है।
