भीषण सड़क हादसा, बस और ट्रक की आमने-सामने टक्कर, 19 यात्री घायल

भीषण सड़क हादसा, बस और ट्रक की आमने-सामने टक्कर, 19 यात्री घायल

बलौदाबाजार। छत्तीसगढ़ के बलौदाबाजार जिले में शुक्रवार को एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। ग्राम सकरी के पास यात्रियों से भरी एक बस और ट्रक की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में बस में सवार 19 यात्री घायल हो गए, जिनमें चार की हालत गंभीर बताई जा रही है। सभी घायलों को जिला चिकित्सालय बलौदाबाजार में भर्ती कराया गया है।

जानकारी के अनुसार, रॉयल ट्रेवल्स की बस रायपुर से यात्रियों को लेकर गिधौरी की ओर जा रही थी। इसी दौरान ग्राम सकरी के पास सामने से आ रहे ट्रक से बस की आमने-सामने भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि बस में सवार यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई और कई लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।

हादसे के तुरंत बाद आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस की टीम भी घटनास्थल पर पहुंची। पुलिस और ग्रामीणों की मदद से घायलों को बस से बाहर निकाला गया और एंबुलेंस व 112 आपातकालीन सेवा के वाहनों से जिला अस्पताल पहुंचाया गया।

घटना की गंभीरता को देखते हुए अस्पताल प्रशासन को पहले ही अलर्ट कर दिया गया था। घायलों के पहुंचते ही डॉक्टरों और स्वास्थ्य कर्मचारियों की टीम ने तत्काल उपचार शुरू किया। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार अधिकांश यात्रियों को सिर और शरीर के अन्य हिस्सों में चोटें आई हैं। राहत की बात यह रही कि अधिकांश घायल खतरे से बाहर हैं।

चार यात्रियों का इलाज जारी

सिविल सर्जन डॉ. अशोक वर्मा ने बताया कि दुर्घटना में कुल 19 यात्री घायल हुए हैं। इनमें चार लोगों को गंभीर चोटें आई हैं और उनका उपचार जारी है। बाकी यात्रियों को प्राथमिक उपचार के बाद अस्पताल से छुट्टी दे दी गई।

राजस्व मंत्री ने दिए बेहतर इलाज के निर्देश

हादसे की जानकारी मिलते ही छत्तीसगढ़ के राजस्व मंत्री टंकराम वर्मा ने जिला अस्पताल के सिविल सर्जन डॉ. अशोक वर्मा से फोन पर चर्चा कर घायलों की स्थिति की जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी घायलों को बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जाए और इलाज में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए।

वहीं जिले के नवपदस्थ अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक खोमन सिन्हा भी जिला अस्पताल पहुंचे। उन्होंने घायलों का हालचाल जाना और पुलिस अधिकारियों से दुर्घटना के कारणों की जानकारी लेकर मामले की समीक्षा की।