शिवनाथ नदी में जलकुंभी और कचरे से जलापूर्ति संकट, भिलाई में कल प्रभावित रह सकता है पानी सप्लाई
इनटेक वेल का सायफन बार-बार हुआ चोक, 77 एमएलडी और 66 एमएलडी जलशोधन संयंत्र का संचालन बाधित

भिलाईनगर। शिवनाथ नदी स्थित इनटेक वेल में अत्यधिक मात्रा में जलकुंभी और कचरा पहुंचने के कारण भिलाई नगर निगम की जलापूर्ति व्यवस्था प्रभावित हो गई है। सायफन के बार-बार चोक होने से 77 एमएलडी और 66 एमएलडी जलशोधन संयंत्रों का संचालन कई बार बाधित रहा, जिससे बुधवार को द्वितीय पाली की जलापूर्ति प्रभावित हुई।
निगम अधिकारियों के अनुसार बुधवार को सायफन कई बार चोक हुआ। सुबह 6:56 बजे से 7:57 बजे तक, 8:17 बजे से 9:15 बजे तक, 9:28 बजे से 11:05 बजे तक, दोपहर 2:02 बजे से 2:55 बजे तक तथा 3:52 बजे से 4:45 बजे तक संयंत्र का संचालन प्रभावित रहा। इसके अलावा शाम 6:30 बजे के बाद फिर से सायफन चोक होने की स्थिति निर्मित हो गई।

नदी में बड़ी मात्रा में जलकुंभी और कचरा जमा होने के कारण गोताखोरों को भी इन्हें हटाने में काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। सफाई कार्य में सामान्य से अधिक समय लग रहा है, जिससे जलशोधन संयंत्रों के संचालन पर लगातार असर पड़ रहा है।
नगर निगम ने नागरिकों को सूचित किया है कि 23 जुलाई 2026 को जलप्रदाय प्रभावित रहने की संभावना है। सभी उच्चस्तरीय जलागारों (ओएचटी) में पानी उपलब्ध कराने का प्रयास किया जाएगा, लेकिन पानी सप्लाई का समय निर्धारित समय से आगे-पीछे हो सकता है।
निगम प्रशासन ने नागरिकों से पानी का उपयोग आवश्यकतानुसार करने और संभावित जलापूर्ति व्यवधान को देखते हुए पर्याप्त पानी संग्रहित रखने की अपील की है।
