तालाब किनारे कचरा फेंकने वालों पर निगम का एक्शन, काटे गए चालान

दुर्गापारा तालाब क्षेत्र में स्वच्छता अभियान, निगम ने नागरिकों को दी सख्त समझाइश

तालाब किनारे कचरा फेंकने वालों पर निगम का एक्शन, काटे गए चालान

भिलाईनगर। शहर को स्वच्छ और सुंदर बनाए रखने के लिए नगर पालिक निगम भिलाई ने तालाबों के आसपास गंदगी फैलाने वालों के खिलाफ कार्रवाई शुरू कर दी है। दुर्गापारा स्थित तालाब के आसपास कचरा फेंकने की शिकायत मिलने पर निगम अमले ने मौके पर पहुंचकर चालानी कार्रवाई की और लोगों को स्वच्छता बनाए रखने की समझाइश दी।

नगर निगम आयुक्त सुश्री सुरूचि सिंह के प्रातः भ्रमण के दौरान जोन-3 के वार्ड क्रमांक 32 दुर्गापारा स्थित तालाब के आसपास कचरा फेंके जाने की शिकायत मिली थी। शिकायत को गंभीरता से लेते हुए आयुक्त ने संबंधित अधिकारियों को तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए थे।

निर्देशों के बाद निगम की टीम ने क्षेत्र का निरीक्षण कर तालाब के आसपास कचरा फेंकने वाले लोगों पर चालान की कार्रवाई की। इस दौरान नागरिकों को बताया गया कि घरों का कचरा सार्वजनिक स्थानों, सड़कों या तालाबों के किनारे फेंकने के बजाय डोर-टू-डोर गारबेज कलेक्शन वाहनों को ही सौंपें।

निगम अधिकारियों ने नागरिकों से तालाबों और आसपास के पर्यावरण को स्वच्छ रखने में सहयोग करने की अपील की है। साथ ही चेतावनी दी है कि सार्वजनिक स्थलों पर कचरा फेंककर शहर की स्वच्छता व्यवस्था को प्रभावित करने वालों के खिलाफ आगे भी नियमानुसार कार्रवाई जारी रहेगी।

नगर निगम का कहना है कि स्वच्छ भिलाई के लक्ष्य को हासिल करने के लिए जनसहभागिता जरूरी है और नागरिकों के सहयोग से ही शहर को साफ-सुथरा एवं प्रदूषण मुक्त बनाया जा सकता है।