सोलर पैनल हादसे में दो कर्मचारियों की मौत, कंपनी संचालक पर केस दर्ज

सुरक्षा उपकरण दिए बिना कराया जा रहा था काम, हाईटेंशन लाइन की चपेट में आने से गई थी दो मजदूरों की जान

सोलर पैनल हादसे में दो कर्मचारियों की मौत, कंपनी संचालक पर केस दर्ज

रायपुर। राजधानी रायपुर के प्रोफेसर कॉलोनी में सोलर पैनल लगाते समय हाईटेंशन लाइन की चपेट में आने से दो कर्मचारियों की मौत के मामले में पुलिस ने कंपनी संचालक के खिलाफ मामला दर्ज किया है। जांच में सामने आया है कि कर्मचारियों को पर्याप्त सुरक्षा उपकरण उपलब्ध कराए बिना ऊंचाई पर काम कराया जा रहा था।

पुरानी बस्ती थाना पुलिस के अनुसार, प्रोफेसर कॉलोनी निवासी नरेंद्र कुमार वर्मा ने अपने मकान में सोलर पैनल लगाने के लिए KY एनर्जी प्राइवेट लिमिटेड के संचालक कमलेश कुमार सेन से अनुबंध किया था।

4 जुलाई को कंपनी संचालक के निर्देश पर कर्मचारी संजीव साहू, प्रमोद चंद्राकर और आशीष कुमार चंद्राकर सोलर पैनल लगाने पहुंचे थे। काम के दौरान प्रमोद चंद्राकर और आशीष कुमार चंद्राकर हाईटेंशन बिजली लाइन की चपेट में आ गए, जिससे दोनों की मौके पर ही मौत हो गई।

प्रारंभिक जांच में हादसे की बड़ी वजह कर्मचारियों के पास सुरक्षा किट का नहीं होना सामने आया है। घटना के बाद साथ में काम कर रहे कर्मचारी संजीव साहू की शिकायत पर पुरानी बस्ती पुलिस ने कंपनी संचालक कमलेश कुमार सेन के खिलाफ लापरवाही का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।