पद्मनाभपुर की राइजिंग पाइपलाइन में लीकेज, 3 जुलाई को कई वार्डों की जलापूर्ति रहेगी प्रभावित
400 एमएम सीआईडीब्ल्यू पाइपलाइन की मरम्मत के लिए होगा शटडाउन, 4 जुलाई सुबह तक पानी का पूर्व भंडारण करने की अपील

दुर्ग। नगर पालिक निगम दुर्ग के पद्मनाभपुर स्थित पानी टंकी को भरने वाली 400 एमएम सीआईडीब्ल्यू राइजिंग पाइपलाइन में लीकेज आने के कारण 3 जुलाई की रात मरम्मत कार्य किया जाएगा। इसके चलते शहर के कई वार्डों में जलापूर्ति अस्थायी रूप से प्रभावित रहेगी। निगम ने नागरिकों से 4 जुलाई की सुबह के लिए आवश्यक पेयजल का पहले से संग्रह करने की अपील की है।

नगर निगम के अनुसार वार्ड क्रमांक 47 स्थित पांच बिल्डिंग क्षेत्र में आयुक्त निवास के पीछे पद्मनाभपुर पानी टंकी की 400 एमएम सीआईडीब्ल्यू राइजिंग पाइपलाइन में लीकेज होने से बड़ी मात्रा में पेयजल व्यर्थ बह रहा है। जल संरक्षण और नियमित जलापूर्ति बनाए रखने के लिए पाइपलाइन की आवश्यक मरम्मत का निर्णय लिया गया है। मरम्मत कार्य के लिए 3 जुलाई 2026 (शुक्रवार) की रात टंकी का शटडाउन लिया जाएगा। इस दौरान वार्ड क्रमांक 42 के आंशिक क्षेत्र, वार्ड 43 के पूरे क्षेत्र, वार्ड 44 के आंशिक क्षेत्र, वार्ड 45 (पद्मनाभपुर) तथा वार्ड 46 के पद्मनाभपुर क्षेत्र (दो गलियों को छोड़कर) में जलापूर्ति प्रभावित रहेगी।
नगर निगम ने प्रभावित क्षेत्रों के नागरिकों से अपील की है कि वे 4 जुलाई की सुबह के लिए आवश्यक पेयजल का पूर्व भंडारण कर लें। निगम ने कहा है कि जरूरत पड़ने पर वैकल्पिक व्यवस्था के माध्यम से भी जलापूर्ति उपलब्ध कराने का प्रयास किया जाएगा। निगम के अनुसार 4 जुलाई 2026 को मरम्मत कार्य पूरा होने के बाद जलापूर्ति सामान्य रूप से बहाल कर दी जाएगी।
