कंपनी मालिक की बीमारी का बहाना बनाकर 6.22 लाख की ठगी, दो कर्मचारी फरार
मालिक के निधन के बाद खुला फर्जीवाड़ा, कारोबारी मित्र से पैसे लेकर नौकरी छोड़ भागे आरोपी

भिलाई। औद्योगिक क्षेत्र स्थित स्वास्तिक इंडस्ट्रियल एड कंपनी में कंपनी मालिक की बीमारी का बहाना बनाकर लाखों रुपये की धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। कंपनी के दो कर्मचारियों ने प्रोपराइटर के नाम का दुरुपयोग कर उनके व्यावसायिक मित्र से 6 लाख 22 हजार रुपये ले लिए और बाद में नौकरी छोड़कर फरार हो गए। कंपनी संचालक के निधन के बाद जब परिवार को इस लेनदेन की जानकारी मिली तो मामला पुलिस तक पहुंचा। दिवंगत राजेन्द्र कुमार श्रीवास्तव की बेटी सविता श्रीवास्तव की शिकायत पर थाना पद्मनाभपुर पुलिस ने आरोपी चाणक्य साहू और संतोष ठाकरे के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 318(4) और 316(4) के तहत मामला दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार, शिकायत में बताया गया है कि राजेन्द्र कुमार श्रीवास्तव की कंपनी स्वास्तिक इंडस्ट्रियल एड में कार्यरत सेल्स एवं मार्केटिंग कर्मचारी चाणक्य साहू तथा अकाउंटेंट संतोष ठाकरे ने कारोबारी मित्र प्रदीप जैन से यह कहकर रुपये लिए कि कंपनी संचालक अस्पताल में भर्ती हैं और इलाज के लिए तत्काल पैसों की जरूरत है। आरोप है कि दोनों कर्मचारियों ने 3 अप्रैल 2026 को 3 लाख रुपये और 8 अप्रैल 2026 की शाम 3 लाख 22 हजार रुपये प्रदीप जैन से लिए। जबकि राजेन्द्र कुमार श्रीवास्तव का निधन उसी दिन दोपहर 3 बजे हो चुका था। इसके बावजूद शाम को भी बीमारी का बहाना बनाकर रकम ले ली गई। शिकायत के अनुसार, आरोपियों ने इस रकम की जानकारी न तो कंपनी प्रबंधन को दी और न ही परिवार के किसी सदस्य को। पूछताछ होने पर दोनों ने कोई संतोषजनक जवाब नहीं दिया और कुछ ही समय बाद काम पर आना भी बंद कर दिया। पद्मनाभपुर पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ धोखाधड़ी और अमानत में खयानत का मामला दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है। फिलहाल दोनों फरार बताए जा रहे हैं।
