युवाओं से रूबरू हुए मंत्री गजेन्द्र यादव

संगठन की मजबूती, सरकार की योजनाओं और समसामयिक मुद्दों पर हुआ खुला संवाद

युवाओं से रूबरू हुए मंत्री गजेन्द्र यादव

दुर्ग। दुर्ग विधानसभा क्षेत्र में भारतीय जनता पार्टी महिला मोर्चा एवं युवा मोर्चा के मंडल पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं के साथ सेवा सदन में परिचयात्मक एवं संवाद कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में प्रदेश के केबिनेट मंत्री गजेन्द्र यादव ने युवाओं से संगठन, विकास, सरकार की योजनाओं और समसामयिक राजनीतिक विषयों पर विस्तार से चर्चा की। संवाद के दौरान युवाओं ने खुलकर अपने विचार, सुझाव और अनुभव साझा किए। विभिन्न विषयों पर अपनी जिज्ञासाएं भी रखीं, जिनका मंत्री गजेन्द्र यादव ने विस्तार से जवाब दिया। उन्होंने कहा कि युवाओं के साथ संवाद हमेशा प्रेरणादायक होता है, क्योंकि युवा समाज और राष्ट्र निर्माण की सबसे बड़ी शक्ति हैं।

मंत्री यादव ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में संचालित राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं और विकास कार्यों की जानकारी देते हुए युवाओं से अपील की कि वे शासन की योजनाओं को समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने में सक्रिय भूमिका निभाएं। उन्होंने कहा कि विकसित, समृद्ध और आत्मनिर्भर छत्तीसगढ़ के निर्माण में युवाओं और महिलाओं की भागीदारी बेहद महत्वपूर्ण है।

कार्यक्रम के दौरान महिला मोर्चा और युवा मोर्चा के मंडल पदाधिकारियों का परिचय भी हुआ। संगठनात्मक गतिविधियों को और अधिक प्रभावी बनाने तथा सरकार और जनता के बीच संवाद को मजबूत करने पर भी विस्तृत चर्चा की गई। मंत्री गजेन्द्र यादव ने कहा कि यदि युवा और महिलाएं सरकार की योजनाओं की सही जानकारी आम नागरिकों तक पहुंचाएंगे तो अधिक से अधिक पात्र हितग्राही योजनाओं का लाभ ले सकेंगे और शासन के प्रति लोगों का विश्वास भी और मजबूत होगा।