कैलाश नगर से 50 हजार रुपये की लोहे की सेंट्रींग प्लेट चोरी, जामुल पुलिस ने दोनों आरोपियों को दबोचा

भिलाई। कैलाश नगर क्षेत्र से लोहे की सेंट्रींग प्लेट चोरी कर ले जाने और विरोध करने पर मारपीट करने वाले दो आरोपियों को जामुल पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से करीब 50 हजार रुपये मूल्य की चोरी गई सामग्री बरामद कर ली है।

पुलिस के अनुसार हाउसिंग बोर्ड भिलाई निवासी प्रमोद तिवारी ने थाना जामुल में शिकायत दर्ज कराई थी कि 19 जून 2026 को दोपहर करीब 12 बजे उसके कैलाश नगर स्थित प्लॉट से लोहे की सेंट्रींग प्लेट चोरी कर ले जाई जा रही थी। जब उसने इसका विरोध किया तो आरोपियों ने उसके साथ मारपीट की और मौके से फरार हो गए।
शिकायत के आधार पर थाना जामुल में अपराध क्रमांक 425/2026 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। विवेचना के दौरान मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस ने घेराबंदी कर आरोपी रूपेश निषाद उर्फ रूपा (22 वर्ष) और अशोक यादव (45 वर्ष) को गिरफ्तार कर लिया।

पूछताछ में दोनों आरोपियों ने चोरी की वारदात स्वीकार कर ली। उनकी निशानदेही पर चोरी गई लोहे की सेंट्रींग प्लेट बरामद कर जब्त की गई। पुलिस ने दोनों आरोपियों को 20 जून को न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
पुलिस के अनुसार आरोपियों ने अवैध लाभ कमाने की नीयत से चोरी की वारदात को अंजाम दिया था। बरामद सामग्री की कीमत लगभग 50 हजार रुपये आंकी गई है।
आरोपी
- रूपेश निषाद उर्फ रूपा (22 वर्ष), निवासी अटल आवास, जवाहर नगर, दुर्ग
- अशोक यादव (45 वर्ष), निवासी अटल आवास, जवाहर नगर, दुर्ग
