ट्रेडिंग में मोटे मुनाफे का झांसा देकर लाखों की ठगी, भिलाई में पति-पत्नी गिरफ्तार

25 लाख रुपये निवेश के नाम पर हड़पे, 15 लाख के सोने के जेवर गिरवी रखकर भी की धोखाधड़ी; जामुल पुलिस ने फरार पति-पत्नी को दबोचा

ट्रेडिंग में मोटे मुनाफे का झांसा देकर लाखों की ठगी, भिलाई में पति-पत्नी गिरफ्तार

भिलाई। ट्रेडिंग कंपनी में निवेश कर भारी मुनाफा दिलाने का झांसा देकर लाखों रुपये और सोने के आभूषण की धोखाधड़ी करने वाले दंपत्ति को जामुल पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों ने खुद को फाइनेंशियल कंसलटेंट बताकर पहले लोगों का विश्वास जीता और फिर निवेश के नाम पर करीब 40 लाख रुपये की ठगी को अंजाम दिया। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, प्रार्थिया फातिमा अहमद उर्फ स्वाती ने थाना जामुल में शिकायत दर्ज कराई थी कि पवन हरिहर सिंह और उसकी पत्नी पिंकी सिंह ने स्वयं को वित्तीय सलाहकार बताते हुए ट्रेडिंग कंपनी में निवेश कराने तथा कम समय में अधिक लाभ दिलाने का भरोसा दिलाया था। आरोपियों की बातों में आकर प्रार्थिया ने विभिन्न किश्तों में लगभग 25 लाख रुपये निवेश के लिए दे दिए। इतना ही नहीं, आरोपियों ने प्रार्थिया की सहेली रजनी बारसकर के सोने के आभूषण भी अपने कब्जे में ले लिए। बाद में उन आभूषणों को भिलाई के पावर हाउस चौक स्थित आईआईएफएल गोल्ड फाइनेंस में अपने नाम पर गिरवी रखकर लगभग 15 लाख रुपये प्राप्त कर लिए। इस तरह आरोपियों ने कुल मिलाकर करीब 40 लाख रुपये की धोखाधड़ी की।

जब पीड़ित पक्ष ने निवेश की राशि और लाभ के संबंध में जानकारी मांगी तो आरोपी टालमटोल करने लगे। कुछ समय बाद दोनों फरार हो गए। इसके बाद पीड़िता ने थाना जामुल में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने अपराध क्रमांक 345/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 318(4) एवं 3(5) के अंतर्गत मामला दर्ज कर जांच शुरू की। विवेचना के दौरान पुलिस ने तकनीकी साक्ष्य जुटाए और मुखबिरों को सक्रिय किया। इसी दौरान आरोपियों के ठिकाने की सूचना मिलने पर पुलिस टीम ने घेराबंदी कर पवन हरिहर सिंह और पिंकी सिंह को पकड़ लिया। पूछताछ में दोनों ने धोखाधड़ी करना स्वीकार कर लिया।

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से धोखाधड़ी से संबंधित दस्तावेज, गिरवी रखे गए सोने के आभूषणों से जुड़े अभिलेख तथा अन्य महत्वपूर्ण साक्ष्य जप्त किए हैं। गिरफ्तार आरोपी पवन हरिहर सिंह (49 वर्ष) एवं पिंकी सिंह (42 वर्ष) सुपेला क्षेत्र के निवासी हैं।

▪️ आरोपी का नाम :

1. पवन हरिहर सिंह, उम्र 49 वर्ष, निवासी नेहरू भवन के पास, अनाज लाइन, सुपेला, जिला दुर्ग।
2. पिंकी सिंह, उम्र 42 वर्ष, निवासी नेहरू भवन के पास, अनाज लाइन, सुपेला, जिला दुर्ग।