राष्ट्रीय पंजा कुश्ती में भिलाई के हर्ष कोडियार का जलवा, जीता स्वर्ण पदक

राष्ट्रीय पंजा कुश्ती में भिलाई के हर्ष कोडियार का जलवा, जीता स्वर्ण पदक

भिलाई। गुजरात के गांधी नगर में 28 मई से 2 जून तक आयोजित 4वीं राष्ट्रीय पंजा कुश्ती (आर्म रेसलिंग) प्रतियोगिता में भिलाई के खिलाड़ी हर्ष कोडियार ने शानदार प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक अपने नाम किया। प्रतियोगिता का आयोजन पीपुल्स आर्म रेसलिंग फेडरेशन इंडिया के तत्वावधान में किया गया, जिसमें फेडरेशन की अध्यक्ष बॉलीवुड अभिनेत्री प्रीति झंगियानी और प्रो पंजा लीग के मालिक प्रवीण डबास विशेष रूप से उपस्थित रहे।

हर्ष कोडियार ने 60 किलोग्राम से कम वजन वर्ग (PIUH जूनियर) में दमदार प्रदर्शन करते हुए गोल्ड मेडल हासिल किया। उनकी इस उपलब्धि से भिलाई सहित पूरे छत्तीसगढ़ में खुशी का माहौल है।

हर्ष पिछले सात वर्षों से लगातार राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में अपने वजन वर्ग में पदक जीतते आ रहे हैं। इसके अलावा वे कई अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में भी भारत का प्रतिनिधित्व कर पदक हासिल कर चुके हैं। उनके लगातार उत्कृष्ट प्रदर्शन को देखते हुए उनका चयन अब 28वीं पैरा आर्म रेसलिंग चैंपियनशिप 2026 के लिए भी किया गया है।

हर्ष ने अपनी सफलता का श्रेय अपने कोच सनी बंसोड़ को देते हुए कहा कि कठिन परिस्थितियों में भी उनके कोच ने उनका साथ नहीं छोड़ा और लगातार कड़ा प्रशिक्षण दिया। उसी मेहनत का परिणाम है कि वे राष्ट्रीय प्रतियोगिता में स्वर्ण पदक जीतने में सफल रहे। उन्होंने विश्वास जताया कि आगामी अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता में भी पदक जीतकर देश, प्रदेश और भिलाई शहर का नाम रोशन करेंगे।

इस अवसर पर छत्तीसगढ़ पंजा कुश्ती संघ के महासचिव श्रीकांत ने हर्ष को बधाई देते हुए कहा कि यह खिलाड़ी पूरे राज्य का गौरव है। उन्होंने कहा कि हर्ष ने अपनी प्रतिभा, समर्पण और कड़ी मेहनत के दम पर छत्तीसगढ़ का नाम राष्ट्रीय स्तर पर ऊंचा किया है। उनकी उपलब्धि पर सभी प्रदेशवासियों को गर्व है और आने वाले समय में उनसे और बड़ी सफलताओं की उम्मीद है।

हर्ष कोडियार की इस शानदार उपलब्धि पर खेल प्रेमियों, खिलाड़ियों और सामाजिक संगठनों ने उन्हें शुभकामनाएं देते हुए उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।